प्रवीण दुबे
ग्वालियर / विधानसभा चुनाव के लिए सरकारी व्यवस्थाओं का प्रमुख केंद्र कटोरताल मार्ग स्थित एमएलबी कॉलेज और उसका खेल मैदान पूरी तरह से सज धज कर तैयार हो गया है। यहीं से जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के समस्त 1662 मतदान केन्द्रों में चुनाव कराने के लिये तैनात किए गए मतदान दलों को ईवीएम सहित सभी प्रकार की मतदान सामग्री का वितरण 16 नवंबर किया जायेगा। 17 को मतदान के बाद यहीं कड़ी सुरक्षा में ईवीएम को जमा किया जाएगा।

एमएलबी कॉलेज में ही 17 नवम्बर को मतदान के बाद ईवीएम व मतदान सामग्री प्राप्त कर विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी जायेगी।
कर्मचारी इस प्रकार कर सकेंगे एमएलबी में प्रवेश
जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालनपी अधिकारी डॉ. विजय दुबे ने बताया कि मतदान सामग्री वितरण दिवस के दिन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14-ग्वालियर ग्रामीण व 15-ग्वालियर के मतदान दल व वितरण के लिये तैनात किए गए अधिकारी-कर्मचारी अचलेश्वर – बीएसएनएल गेट की तरफ से एमएलबी कॉलेज में प्रवेश कर निर्धारित स्थल पर पहुँच सकेंगे। इसी तरह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व, 17-ग्वालियर दक्षिण, 18-भितरवार व 19-डबरा (अजा) के लिये कटोराताल की ओर वाला गेट निर्धारित किया गया है।
दो चरणों में प्रात: 6 बजे व प्रात: 10 बजे से होगा मतदान सामग्री का वितरण
मतदान सामग्री वितरण के लिये विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14-ग्वालियर ग्रामीण, 18-भितरवार व 19-डबरा (अजा) के मतदान दलों को प्रात: 6 बजे आने को कहा गया है। इस क्षेत्र के मतदान दलों को ईवीएम सहित मतदान सामग्री वितरण करने के बाद प्रात: 8 बजे से विशेष वाहनों द्वारा संबंधित मतदान केन्द्रों के लिये रवाना करने का कार्यक्रम बनाया गया है। इसके बाद प्रात: 10 बजे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर, 16-ग्वालियर पूर्व व 17-ग्वालियर दक्षिण के मतदान दलों को बुलाया जायेगा। इन्हें मतदान सामग्री वितरित करने के बाद दोपहर 12 बजे से विशेष वाहनों द्वारा मतदान केन्द्रों के लिये रवाना किया जायेगा।
मतदान दलों को नहीं लगना पड़ेगा लाइन में, जगह पर ही मिलेगी मतदान सामग्री
ज्ञात हो विधानसभा आम निर्वाचन के लिये निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 17 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से सायंकाल 6 बजे तक मतदान होगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराने के लिये तैनात किए गए मतदान दलों को मतदान सामग्री प्राप्त करने और जमा करने के लिये लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। मतदान दलों को उनके बैठने के लिये निर्धारित स्थल पर ही ईवीएम सहित सम्पूर्ण मतदान सामग्री प्रदान की जायेगी। इसी तरह मतदान समाप्ति के बाद इसी व्यवस्था के तहत मतदान दलों से जगह से ही ईवीएम व मतदान सामग्री प्राप्त की जायेंगीं।
मतदान सामग्री वितरण के लिये सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिये कुल 123 सेक्टर बनाए गए हैं। हर सेक्टर में सेक्टर अधिकारी के नेतृत्व में मास्टर ट्रेनर, लेखा अधिकारी, राजस्व निरीक्षक व पटवारी, एक सहायक वर्ग-3 के समक्ष कर्मचारी व चार भृत्य शामिल किए गए हैं।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मतदान सामग्री वितरण व प्राप्ति स्थल पर मतदान दलों की मदद के लिये तीन हेल्प डेस्क बनाएँ। इन हेल्प डेस्क पर बड़े-बड़े फ्लैक्स लगाकर यह प्रदर्शित करें कि किस विधानसभा क्षेत्र के किस मतदान दल को किस सेक्टर में और कहां पर बैठना है। उन्होंने मतदान सामग्री वितरण के लिए बनाए गए सभी सेक्टर के नजदीक पेयजल की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सामग्री वितरण स्थल पर पर्याप्त पेड कैन्टीन भी स्थापित करें।
मतदान दलों को मिलेगी बिस्किट, नमकीन, चने, मूँगफली, टॉफियाँ व पानी की बोतल वाली वैलकम किट
मतदान दलों की हर सुविधा का ध्यान जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा रखा जा रहा है। सभी मतदान दलों के लिये जिला निर्वाचन कार्यालय ने नगर निगम के सहयोग से वैलकम किट तैयार कराई जा रही हैं। वैलकम किट में बिस्किट, नमकीन, चने, मूँगफली, टॉफियाँ व पानी की बोतल उपलब्ध रहेगी। जिस विशेष वाहन से मतदान दल अपने मतदान केन्द्र के लिये रवाना होंगे। उसी वाहन में सम्मानपूर्वक उन्हें यह किट सौंपी जायेगी।
इस प्रकार रहेगी एमएलबी कॉलेज में प्रवेश व्यवस्था
जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. विजय दुबे ने बताया कि मतदान सामग्री वितरण दिवस के दिन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14-ग्वालियर ग्रामीण व 15-ग्वालियर के मतदान दल व वितरण के लिये तैनात किए गए अधिकारी-कर्मचारी अचलेश्वर – बीएसएनएल गेट की तरफ से एमएलबी कॉलेज में प्रवेश कर निर्धारित स्थल पर पहुँच सकेंगे। इसी तरह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व, 17-ग्वालियर दक्षिण, 18-भितरवार व 19-डबरा (अजा) के लिये कटोराताल की ओर वाला गेट निर्धारित किया गया है।