देश में कोरोना का टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण चल रहा है। हर व्यक्ति को दो टीके लेने जरूरी हैं। हालांकि गुजरात में कोरोना टीके की दूसरी खुराक लेने के कुछ ही दिन बाद एक स्वास्थ्यकर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने की पुष्टि हुई है। गांधीनगर के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एम.एच. सोलंकी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गांधीनगर जिले के देहगाम तालुका निवासी स्वास्थ्यकर्मी ने पहली खुराक 16 जनवरी को और दूसरी खुराक 15 फरवरी को ली थी। जांच करने पर उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
सोलंकी ने कहा कि लक्षण बेहद हल्के होने के कारण उन्हें घर में पृथकवास में रखा गया है, वह सोमवार से काम करने की स्थिति में होंगे। अधिकारी ने बताया कि टीके की दोनों खुराक लेने के बाद शरीर में एंटीबॉडी बनने में सामान्य रूप से 45 दिन का समय लगता है। उन्होंने कहा कि टीके की दोनों खुराक लेने के बावजूद सुरक्षित बने रहने के लिए लोगों को मास्क पहनने समेत दो गज की दूरी के नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए।