Homeप्रमुख खबरेंआज शाम 6 बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार सभी राजनीतिक दलों ने...

आज शाम 6 बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार सभी राजनीतिक दलों ने झोंकी पूरी ताकत

भोपाल। मध्यप्रदेश में तीसरे चरण के मतदान से पूर्व आज शाम 6 बजे से शोरगुल वाला चुनाव प्रचार थम जाएगा। इस प्रकार चुनाव प्रचार थमने में बारह घण्टों से भी कम समय शेष रहने के कारण सभी राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को सुबह से ही तमाम स्टार प्रचारकों की रैलियां, रोड शो, सभाएं आदि के धुआंधार कार्यक्रम प्रारंभ हो गए हैं। यह क्रम शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

रविवार 12 मई को मध्यप्रदेश में तीसरे दौर का लोकसभा चुनाव होगा। इसमें आठ सीटें शामिल हैं, लेकिन राजनीतिक तौर पर फोकस भोपाल सीट पर सर्वाधिक है। कानून व्यवस्था के मद्देनजर भोपाल के अलावा भिंड और मुरैना सीट को भी अहम माना जा रहा है। इसके मद्देनजर इस चरण में दो हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों पर तीसरी आंख (वेबकास्टिंग और सीसीटीवी) के जरिए नजर रखी जाएगी। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल और राज्य सशस्त्र बल की दोनों चरणों के मुकाबले यहां कंपनियां ज्यादा तैनात होंगी। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।

भोपाल सीट पर सर्वाधिक फोकस है। यहां कांग्रेस के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा की प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बीच मुकाबला है। जिस तरह से प्रचार अभियान चल रहा है और शिकवा-शिकायतें हो रही हैं, उसके मद्देनजर मुख्य निर्वाचन और जिला निर्वाचन की टीम पूरी तरह सतर्क है। अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात करने के साथ मतदान केंद्रों पर सीधी नजर रखी जाएगी। इसके लिए वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों का अधिक उपयोग होगा।

सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीमें भी लगातार मतदान केंद्रों में सक्रिय रहेंगी। भोपाल में स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा जाएगा। यहां से जिला निर्वाचन अधिकारी और उनकी टीम मतदान केंद्रों पर नजर रखेगी। इसके साथ ही भिंड और मुरैना को कानून व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा है।

यहां पुलिस बल को तैनात करने की बाकी सीटों की तुलना में अलग रणनीति बनाई गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि पहले दो चरण के चुनावों की तुलना में तीसरे चरण को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments