पीएम मोदी अपनी तीन दिन की श्रीलंका यात्रा से लौट आए हैं। श्रीलंका से लौटते समय पीएम मोदी को राम सेतु के भी दर्शन हुए। इस बात की जानकारी पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिया पर ट्वीट कर दी। पीएम ने राम सेतु से जुड़ा एक वीडियो भी एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किया।https://twitter.com/i/status/1908780648707612783
पीएम मोदी ने लिखा, आज रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीलंका से वापस आते समय आकाश से रामसेतु के दिव्य दर्शन हुए। ईश्वरीय संयोग से मैं जिस समय रामसेतु के दर्शन कर रहा था, उसी समय मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के दर्शन का भी सौभाग्य मिला। मेरी प्रार्थना है, हम सभी पर प्रभु श्रीराम की कृपा बनी रहे
क्या है राम सेतु?
रामसेतु, जिसे एडम ब्रिज के नाम से भी जाना जाता है, चूना-पत्थर से बना 48 किलोमीटर लंबा पुल है। यह भारत के रामेश्वरम द्वीप को श्रीलंका के मन्नार द्वीप से जोड़ता है। चूना पत्थर से बने इस पुल का पौराणिक महत्व है, ऐसा माना जाता है कि रामायण में राम ने अपनी पत्नी सीता को बचाने के लिए लंका पहुंचने के लिए इसी पुल का निर्माण किया था।
तमिलनाडु में पंबन ब्रिज का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रामेश्वरम में ‘पंबन रेल पुल’ का उद्घाटन किया। ये भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट ब्रिज है। 2019 में पीएम मोदी ने ही इसकी नींव रखी थी। 2.08 किलोमीटर लंबा यह ब्रिज रामेश्वरम (पंबन द्वीप) को तमिलनाडु के मंडपम से जोड़ता है। प्रधानमंत्री ने रिमोट डिवाइस का उपयोग करके पुल के वर्टिकल लिफ्ट स्पैन को संचालित किया, जिससे तटरक्षक जहाज नीचे से गुजर सका।