नई दिल्ली 28 नवंबर 2025/मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि चक्रवाती तूफ़ान ‘दित्वाह’ तमिलनाडु के उत्तरी इलाक़ों, पुदुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है.
आईएमडी ने बताया कि तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों, पुदुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाक़ों के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया गया है.
आईएमडी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, तूफ़ान ‘दित्वाह’ पिछले छह घंटों में 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है.
तूफ़ान श्रीलंका के तट और बंगाल की खाड़ी से होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और 30 नवंबर की सुबह तक तमिलनाडु, पुदुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटों से टकराएगा.
इससे पहले श्रीलंका में ‘दित्वाह’ के कारण भारी बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है.