पांचवें और छठे स्थान पर दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट हैं, जबकि सातवें आठवें स्थान पर चंडीगढ़ और पंचकुला
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं. पिछले साल के मुक़ाबले इस बार पास होने वाले छात्रों के प्रतिशत में मामूली वृद्धि हुई है.
सीबीएसई के मुताबिक कक्षा 12 में 88.39% स्टूडेंट्स बोर्ड परीक्षा में पास हुए. पिछले साल के मुकाबले पासिंग प्रतिशत में 0.41% की वृद्धि हुई है.
सीबीएसई से 12वीं कक्षा में पंजीकृत छात्रों की संख्या 17.04 लाख थी. इनमें 16.92 लाख छात्रों ने परीक्षा दी जिनमें 14.96 लाख छात्र पास हुए हैं.
बोर्ड की ओर से जारी बयान में टॉपर्स की सूची जारी नहीं की. बल्कि अधिक पास प्रतिशत वाले ज़िलों की सूची जारी की है.
इस सूची के अनुसार, 99.60 प्रतिशत के साथ विजयवाड़ा शीर्ष पर है. शीर्ष के चार ज़िले दक्षिण भारत के हैं- विजयवाड़ा, त्रिवेंद्रम, चेन्नई, बेंगलुरु. पांचवें और छठे स्थान पर दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट हैं, जबकि सातवें आठवें स्थान पर चंडीगढ़ और पंचकुला है.
छात्र सीबीएसई की वेबसाइट पर जाकर अपने नतीजे पता कर सकते हैं.
मंगलवार को 12वीं के नतीजे घोषित करने के कुछ ही देर बाद सीबीएसई ने 10वीं कक्षा की परीक्षा के नतीजे भी घोषित कर दिए.
सीबीएसई के अनुसार, 10वीं कक्षा में 93.60% छात्र बोर्ड परीक्षा में पास हुए, पिछले साल से पासिंग प्रतिशत में 0.06% की वृद्धि हुई.
सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में कुल 45,616 स्टूडेंट्स ने 95% स्कोर हासिल किया. यह कुल परीक्षा में बैठने वाले स्टूडेंट्स का 1.92% है.
इसके अलावा 8.43% छात्रों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए.
इस बार के नतीजों में राजस्थान के अजमेर ज़ोन ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दिल्ली और पुणे को भी पीछे छोड़ दिया.
अजमेर क्षेत्र का पासिंग प्रतिशत 95.44 रहा और उसने दिल्ली और पुणे जैसे बड़े ज़ोन को पीछे छोड़ दिया.
मंगलवार को सबसे पहले सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित किए थे.