Homeदेशहिंदू महासभा ने कहा चुनाव जीते तो मेरठ का नाम बदलकर नाथूराम...

हिंदू महासभा ने कहा चुनाव जीते तो मेरठ का नाम बदलकर नाथूराम गोडसे नगर करेंगे

हिंदू महासभा ने मंगलवार को कहा कि अगर आने वाले नगरपालिका चुनावों में उनका उम्मीदवार मेयर चुना जाता है तो वह मेरठ का नाम बदलकर नाथूराम गोडसे नगर कर देगी.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक महासभा का कहना है कि अलग अलग जगहों के इस्लामी नामों को भी बदलकर महान हिंदुओं के नाम पर कर दिए जाएंगे.

हिंदू महासभा ने अपना घोषणा पत्र भी जारी किया है. घोषणापत्र में कहा गया है कि उनकी पहली प्राथमिकता भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना होगा और इसके बाद गौ माता की रक्षा करना है.

बीजेपी और शिवसेना पर हमला बोलते हुए कहा गया कि ये पार्टियां अपनी विचारधारा से दूर जा रही हैं क्योंकि दोनों पार्टियों में दूसरे समुदायों के लोगों की संख्या बढ़ रही है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित अशोक शर्मा ने कहा, “अगर हिंदू महासभा को पर्याप्त संख्या में पार्षद मिल जाते हैं और मेयर का पद जीत लेते हैं तो मेरठ का नाम बदलकर नाथूराम गोडसे नगर कर दिया जाएगा.”

मेरठ जिले में नगरीय निकाय चुनाव के लिए हिंदू महासभा के नए अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि संगठन सभी वार्डों में चुनाव लड़ेगा.

उन्होंने कहा, “देशभक्त उम्मीदवारों की पहचान की जाएगी और उन्हें एक वचन देना होगा कि वे संगठन की सोच और नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे.”

अपने घोषणापत्र का जिक्र करते हुए अग्रवाल ने कहा, “पहला वादा भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का है और दूसरा काम यह तय करना है कि हर हिंदू गौ माता की देखभाल करे.”

उन्होंने कहा कि संगठन धर्मांतरण और मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति को रोकने के लिए भी काम करेगा.

अभिषेक अग्रवाल ने कहा, “बीजेपी खुद को हिंदू पार्टी कहती थी लेकिन आज उस पार्टी में दूसरे समाज के लोगों को दबदबा बढ़ रहा है. इसी तरह शिवसेना भी इस्लामिक तुष्टीकरण की राजनीति की तरफ बढ़ रही है.”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments