इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म (आईआरसीटीसी) का आईपीओ 112 गुणा ओवर सब्सक्राइब होने के बाद इसके लिस्टिंग प्राइस में काफी इजाफा हो गया है। यह शेयर अपने प्राइज से 109 फीसदी अधिक रेट पर लिस्ट हुआ है। पहले दिन ही आईआरसीटीसी के शेयर दोगुने भाव पर स्टॉक मार्केट में लिस्ट हुआ। कंपनी का शेयर अब बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ( BSE ) और नेश्नल स्टॉक एक्सचेंज ( NSE ) में सूचीबद्ध हो चुका है।
644 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ शेयर
यह शेयर 320 रुपये के इशू प्राइस के मुकाबले बीएसई पर 101.25 फीसदी प्रीमियम के साथ 644 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। बता दें कि स्टॉक मार्केट में किसी सरकारी कंपनी की यह सबसे सफल लिस्टिंग है। बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण (एम कैप) 10,736 करोड़ रुपये हो गया है। सुबह करीब 10 बजे बीएसई के सेंसेक्स में आईआरसीटीसी का शेयर 673 के स्तर पर पहुंचा था। वहीं निफ्टी में यह 662 के स्तर पर पहुंचा।
40 इक्विटी शेयरों के लिए थी न्यूनतम बोली
एक लॉट 40 इक्विटी शेयरों का था। न्यूनतम बोली 40 इक्विटी शेयरों के लिए थी। रिटेल निवेशक अधिकतम 16 लॉट खरीद सकते थे। कंपनी ने 315 से 320 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था और खुदरा श्रेणी के निवेशकों और पात्र कर्मचारियों के लिए आधार मूल्य पर प्रति शेयर 10 रुपये की छूट की पेशकश थी। यानी छूट के बाद आईआरसीटीसी आईपीओ का दाम 305 से 310 रुपये होगा। लोगों को 40 शेयर का एक लॉट खरीदने के लिए 12,200 रुपये खर्च करने पड़े।
ग्रे मार्केट में पहले ही हो चुकी थी बढ़ोतरी
बता दें कि ग्रे मार्केट में शेयर की कीमत में 71 फीसदी की बढ़ोतरी पहले ही हो चुकी थी। आईपीओ के जरिए कंपनी ने 645 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा था।
पात्र कर्मचारियों के लिए 1,60,000 शेयर आरक्षित
स्टॉक एक्सचेंज से मिले आंकड़ों के मुताबिक, 645 करोड़ रुपये जुटाने के लिए लाए गए इस आईपीओ के तहत दो करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मांगी गईं थीं। इस निर्गम में पात्र कर्मचारियों के लिए 1,60,000 शेयर आरक्षित किए गए हैं।