भोपाल : सोमवार, अप्रैल 1, 2019, 21:24 IST
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री व्ही.एल. कान्ता राव ने बताया कि प्रदेश में पहले चरण में होने वाले लोकसभा निर्वाचन-2019 की अधिसूचना का 2 अप्रैल 2019 को राजपत्र में प्रकाशन किया जाएगा। अधिसूचना का प्रकाशन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा स्वयं के कार्यालय, सभी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय एवं अन्य ऐसे सभी स्थान, जहाँ रिटर्निंग अधिकारी आवश्यक समझता है जैसे नगर परिषद, नगर पालिका, ग्राम पंचायत आदि में प्रकाशित करेगा।
पहले चरण में 6 संसदीय क्षेत्रों 11-सीधी, 12 शहडोल (अजजा), 13- जबलपुर, 14 मण्डला (अजजा), 15 बालाघाट एवं 16 छिन्दवाड़ा में निर्वाचन कराया जायेगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अंतर्गत 2 अप्रैल, 2019 को अधिसूचना का प्रकाशन, 9 अप्रैल नाम निर्देशन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि, 10 अप्रैल नाम निर्देशनों की संवीक्षा की तिथि, 12 अप्रैल अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि, 29 अप्रैल मतदान की तिथि, और 23 मई 2019मतगणना तिथि निर्धारित है।
मतदान का समय
संसदीय क्षेत्र 15 – बालाघाट के अंतर्गत आने वाले विधान सभा क्षेत्र 108 – बैहर(अजजा), 109-लांजी एवं 110-परसवाड़ा में मतदान का समय प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक रहेगा। शेष सभी संसदीय क्षेत्रों एवं 15-बालाघाट के शेष विधान सभा क्षेत्रों में मतदान का समय प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा।