क्रिकेट विश्व कप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर वाले मुकाबले में 36 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज़ की। भारत ने शिखर धवन के बेहतरीन शतक की बदौलत 50 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 352 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया 316 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। शिखर धवन को 117 रनों की पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।
विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं किया गया। भारतीय टीम को शिखर धवन और रोहित शर्मा ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 127 रनों की साझेदारी निभाई। रोहित ने 61 गेंदों में अपना 42वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन 23वें ओवर में वह 70 गेंदों में 57 रनों की पारी खेलकर आउट हुए और भारत को पहला झटका लगा।
शिखर धवन ने 53 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था और उसके बाद आईसीसी टूर्नामेंट के अपने रिकॉर्ड को सही साबित करते हुए उन्होंने 95 गेंदों में अपना 17वां शतक लगाया। धवन ने 109 गेंदों में 117 रनों की शानदार पारी खेली और 37वें ओवर में 220 के स्कोर पर आउट होने से पहले उन्होंने कप्तान विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। भारतीय टीम ने 34वें ओवर में 200 का आंकड़ा पार किया था।