मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवर तड़के गणपति विसर्जन के दौरान नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग लापता हैं। यह घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई जब काफी संख्या में लोग नाव पर सवार होकर खाटलपुरा घाट पर गणपति को विसर्जित करने के लिए जा रहे थे। घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी है।
भोपाल (शहर) के पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने भाषा को बताया कि यह घटना छोटे तालाब के खटलापुरा घाट पर शुक्रवार तड़के करीब 4.30 बजे हुई। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त वे लोग गणेश प्रतिमा को विसर्जित करने गए थे। वली ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इन दो नावों में 19 लोग सवार थे। 11 शव तालाब से निकाल लिए गए हैं। छह लोगों को सुरक्षित निकाला गया और दो लोगों की तलाश की जा रही है। मारे गए लोग पिपलानी इलाके के रहने वाले थे।
उधर महाराष्ट्र के अमरावती, नासिक, ठाणे, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरि, धुले, नांदेड़, अहमदनगर, अकोला और सतारा समेत 11 जिलों में डूबने की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो गई।