गुटबाजी से कमजोर कॉग्रेस ने जनता के बीच जाकर उनके सुख दुख सुनने का एक और बेहतरीन अवसर केवल एक आमसभा करके गंवा दिया इस आमसभा में भी पूरी ताकत झोकने के बावजूद उम्मीद से बहुत कम लोग ही जुट सके। इस प्रकार 2018 चुनाव के लिये जोतिरादित्य को मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत किये जाने के बाद उनके अपने शहर में नोटबन्दी की बरसी पर चुनावी शंखनाद का यह प्रयास एक फ्लॉप शो तक सिमट कर रह गया ।
उल्लेखनीय है कि नोटबन्दी की बरसी पर कांग्रेस ने ग्वालियर के ऐतिहासिक महाराज बाड़े पर जनाक्रोश रैली का आयेजन किया था। चूंकि जोतिरादित्य को 2018 चुनाव के लिए कांग्रेस का चेहरा बनाकर प्रस्तुत किया गया है। अतः जोतिरादित्य ने अपने गढ़ माने जाने वाले ग्वालियर के ऐतिहासिक महराज बाड़े से अनोपचारिक रूप से चुनावी शंखनाद करने की रणनीति बनाई थी इसके लिए पूरे ग्वालियर चम्बल संभाग के जोतिरादित्य समर्थकों को भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया था।
लेकिन आज महाराज बाड़ा खाली का खाली ही नजर आया जिस समय जोतिरादित्य बोल रहे थे हेमू कालानी चौक मंच स्थल के आसपास ही कांग्रेसियों का हुजूम दिखा जबकि सिर्फ बाड़ा सराफा आदि खाली ही पड़े रहे। साफ है आज कांग्रेस ने जिस उद्देश्य को लेकर सभा रखी थी वह पूरा नहीं हो सका।
उधर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज महाराज बाड़ा पर हुई जनाक्रोश रैली में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी पर अपनी ही पीठ थपथपाने वाली सरकार देख ले कि बेरोजगारी का प्रतिशत कितना बढ़ गया है। आज युवा काम के लिए दर-दर भटक रहे हैं और भाजपा के नेता अपने रंग में मस्त हैं। कानून व्यवस्था का आलम यह है कि दुष्कर्म पीड़िता थाने के चक्कर लगा रही है और पुलिस अफसर पर उस पर हंस रही है।
इससे पहले श्री सिंधिया आज जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे स्टेशन पर उनका कांग्रेसियों ने जोरदार इस्तकबाल किया। यहां से वह सीधे जयविलास परिसर पहुंचे, यहां मौजूद कांग्रेसियों और शहर के आम और खास लोगों से मुलाकात की। इसके पश्चात थोड़ी देर विश्राम करने के बाद श्री सिंधिया जैसे महाराज बाड़ा पहुंचे, वहां उनका गगनभेदी नारों से स्वागत किया गया। उत्साह से लबरेज श्री सिंधिया ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह लोग किस विकास की बात कर रहे हैं। आज न युवाओं के पास काम है और न व्यापारियों के पास व्यापार का माहौल, किसान खून के आंसू रो रहा हैं और भाजपा के नेताओं को इसमें विकास दिख रहा है, लगता है भाजपा का विकास पागल हो गया है। उन्होंने कहा कि जीडीपी ग्रोथ 3 साल के निचले स्तर पर लगातार पांच क्वार्टर्स से ग्रोथ गिर रही है। 7.3% ग्रोथ रेट का अनुमान था लेकिन यह घटाकर 6.7% रह गई है। श्री सिंधिया ने प्रदेश सरकार को कानून व्यवस्था पर आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भोपाल जिसमें पूरी सरकार रहती है वहां एक लड़की को दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखवाने के लिए थाने के चक्कर लगाना पड़ते हैं, जिन पुलिस अफसरों को सुरक्षा का दायित्व है वह उस पर हंसते हैं। जब राजधानी के यह हालात हैं तो गांव-कस्बों में हालात कितने विकट होंगे। यह कैसी संवेदहीन सरकार है। प्रदेश सरकार की भावांतर योजना पर चुटकी लेते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि जब इस योजना को भाजपा सरकार के सांसद और मंत्री ही नहीं समझ पा रहे हैं तो वह गरीब किसान क्या समझेगा। यह सिर्फ उसे बरगलाने के लिए तैयार की गई है। इसका असल फायदा तो भाजपा से जुड़े लोग ले रहे हैं। किसान आज भी अपनी फसल के उचित दाम के लिए भटक रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि विदेश में जाकर अपनी पीठ थपथपाने वाले मुख्यमंत्री किसी भी जिले में निकल जाएं – गड्ढों वाली सड़कें उनका इंतजार कर रही हैं।