प्रसिद्ध पत्रकार माणिकचंद वाजपेयी मामाजी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित व्याख्यान में अनेक वरिष्ठ पत्रकारों ने याद किया मामाजी के व्यक्तित्व कृतित्व को
भोपाल 29 सितंबर। प्रसिद्ध पत्रकार माणिकचंद वाजपेयी मामाजी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित की गई ऑनलाइन व्याख्यान में प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारगणों ने स्व मामाजी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा की वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके जैसे पत्रकारों की बेहद आवश्यकता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रचार विभाग द्वारा आयोजित क्षेत्र स्तर की इस व्याख्यान माला में संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख श्री नरेन्द्र जैन व प्रांत प्रचार प्रमुख श्री ओमप्रकाश सिसौदिया विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार व माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय के श्री लाजपत आहूजा ने मामा जी को महान पत्रकार बताते हुए कहा की उनकी लेखनी पूरी तरह से राष्ट्रीय विचारों को समर्पित थी। उन्होंने कहा की मामाजी ने अपने जीवन में श्रेष्ठ पत्रकारिता के मानदंड प्रस्तुत किये साथ ही संघ ने उन्हें विविध क्षेत्रों का जो भी कार्य करने को कहा मामा जी ने वहां अपनी सादगी,कार्यकुशलता की छाप छोड़ी।
अपने व्याख्यान में वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र शर्मा ने कहा की मामाजी ने स्वदेश में रहते तमाम श्रेष्ठ पत्रकार गढ़े, आज के पत्रकार जगत में मामाजी जैसे सम्पादकों की बेहद आवश्यकता है। सरल, मृदुभाषी, अत्यंत सादगी से रहने वाले और प्रचार से तो कोसों दूर। उनकी पहचान है उनकी लेखनी, जो न जाने कितने संपादकीय लेखों, आलेखों और तीन अनुपम पुस्तकों के शब्द-शब्द में मामा जी के जीवट व्यक्तित्व को झलकाती है। ऋषि तुल्य मामाजी का स्मरण करना हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। वास्तव में मामाजी को आज हम आधुनिक पत्रकारिता को दिशा प्रदान करने वाले ऋषि कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उनके लेखन में भारत का दर्शन होता था।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गिरीश उपाध्याय ने अपनी पत्रकारिता के शुरुआती दिनों में मामाजी के मार्गदर्शन में कार्य करने के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा की मामाजी गुणों की खान थे। उन्होंने कई पुस्तकों का लेखन किया जो आज भी हमें प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नरेंद्र जी जैन मामाजी जन्मशताब्दी वर्ष दिल्ली में आयोजित होने वाले समापन समारोह की जानकारी देते हुए बताया की कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहनजी भागवत विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही इसमें देशभर के वरिष्ठ पत्रकार सम्पादक लेखक व बुद्धजीवी भी भाग लेंगे।