Homeप्रमुख खबरेंपाटनकर बाजार में रामभरोसे एण्ड संस पर छापेमारी से सनसनी

पाटनकर बाजार में रामभरोसे एण्ड संस पर छापेमारी से सनसनी

कर चोरी की आशंका के चलते जीएसटी की टीम ने बुधवार दोपहर पाटनकर बाजार में  प्लायवुड  से जुडी राम भरोसे एण्ड संस पर छापामार कार्रवाई की है। विक्रय कर विभाग की टीम ने पहुंचकर सबसे पहले मैनुअल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिया। साथ ही कम्प्यूटर को भी निगरानी में लेकर रिकॉर्ड खंगाला है। काफी बिल संदिग्ध मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। फिलहाल कितने की कर चोरी निकल रही है यह साफ नहीं हो सका है। जीएसटी के अफसरों का कहना है कि रात तक दस्तावेजों की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

शहर के पाटनकर बाजार में रामभरोसे एण्ड संस के नाम से फर्म है। इसके माध्यम से प्लायवुड का काम किया जाता है। इसके संचालक गिर्राज सिंघल हैं। काफी समय से फर्म के द्वारा टैक्स में गड़बड़ी की सूचना जीएसटी विभाग को मिल रही थी। लगातार इस मामले में जीएसटी के अफसर काम कर रहे थे। बुधवार दोपहर जीएसटी की एंटी एविजन टीम संयुक्त आयुक्त यूएस वैश्य के निर्देश पर कार्रवाई के लिए रामभरोसे एण्ड संस पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले पूरी फर्म के दफ्तर, गोदाम को निगरानी में लिया। यहां खरीदने और बेचने के पूरे रिकॉर्ड अपने पास सुरक्षित किए। सभी कर्मचारियों के मोबाइल, ऑफिस के कम्प्यूटर को निगरानी में लिया गया है। करीब दो साल पुराने खरीद और विक्रय का डेटा लिया है। अब इनकी जांच की जा रही है। जांच में कर चोरी कितने की निकली है यह अभी पता  नहीं चल सका है। फिलहाल दस्तावेजों की प्रारंभिक पड़ताल में काफी गड़बड़ी नजर आ रही है। जीएसटी की पूरी कार्रवाई गोपनीय रही है।

पुलिसबल देखकर मची हलचल

पाटनकर बाजार में अचानक पुलिस बल देखकर हलचल मच गई। रामभरोसे एण्ड संस के यहां पुलिस खड़ी देख चर्चा होने लगी। कोई इसे इनकम टैक्स का छापा कह रहा था तो कोई लोकायुक्त का छापा समझ रहा था। करीब दोपहर बाद आसपास के लोगों को पता लगा कि यह जीएसटी विभाग की कार्रवाई है। पुलिस और कार्रवाई देखकर गई दुकानदार शटर डाउन कर निकल गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments