किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को भोपाल में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अगुआई में कार्यकर्ता भोपाल के जवाहर चौक पर जुटे। उन्हें राजभवन तक मार्च निकालना था। रोशनपुरा के पास ही कांग्रेसियों को रोक लिया गया। पुलिस ने लाठियां भांजी और वॉटर कैनन भी चलाई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनके बेटे जयवर्धन समेत 106 नेताओं-कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, कैलाश मिश्रा, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा समेत कार्यकर्ताओं को सेंट्रल जेल लेकर रवाना हो गई। टीटीनगर पुलिस ने उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, ‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हजारों किसान भाइयों और कांग्रेसजनों पर शिवराज सरकार के इशारे पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया। आंसू गैस के गोले छोड़े और वॉटर कैनन भी चलाई।’