भोपाल.मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव (Municipal elections) अब और नहीं टलेंगे. राज्य निर्वाचन आयुक्त बी पी सिंह ने कहा है वोटर लिस्ट का काम 3 मार्च तक पूरा हो जाएगा. उसके बाद चुनाव होंगे. अब इलेक्शन नहीं टाले जाएंगे.उन्होंने ये भी कहा कि अगला पंचायत चुनाव ईवीएम (EVM) के बजाए मतपत्र द्वारा किया जाएगा.
मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव कब होंगे इसको लेकर जारी कयास अब खत्म हो गया है.राज्य निर्वाचन आयुक्त बी पी सिंह ने कहा है कि अब चुनाव नहीं टाले जाएंगे.मध्यप्रदेश के अधिकतर नगरीय निकाय चुनाव एक साल पहले होना था. लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण चुनाव लगातार टाले जा रहे थे.पहले ये चुनाव 2020 फरवरी में कमलनाथ कार्यकाल के दौरान होने थे. लेकिन महापौर चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराने,भोपाल नगर निगम को दो भागों में बांटने के अलावा कई जिलों में वॉर्डों के सीमांकन के कारण चुनाव तय समय पर नहीं हो पाए थे.किन अब राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने अब साफ कर दिया है कि वोटर लिस्ट का काम 3 मार्च तक पूरा हो जाएगा. उसके बाद चुनाव होंगे. अब इलेक्शन नहीं टाले जाएंगे.
राज्य निर्वाचन आयुक्त बी पी सिंह ने कहा- अगला पंचायत चुनाव ईवीएम के बजाए मतपत्र द्वारा किया जाएगा.राज्य निर्वाचन का कहना है कि सरपंचों की संख्या काफी ज्यादा है. इसलिए चुनाव मतपत्र से करवाया जाएगा.इस बार चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार घर बैठे ही ऑन लाइन नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे. ऑनलाइन के साथ ही ऑफ लाइन भी नामांकन फॉर्म जमा होंगे.प्रदेश में कुल 407 नगरीय निकायों में से 307 का कार्यकाल 25 सितंबर को समाप्त हो गया था. 8 नगरीय निकायों का कार्यकाल जनवरी और फरवरी 2021 में पूरा हो रहा है.पंचायतों में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों का कार्यकाल मार्च 2021 में समाप्त हो रहा है.राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने इस बात से पर्दा उठा दिया है की जल्द ही अधिसूचना जारी करके निकाय चुनाव सम्पन्न करा दिए जाएंगे. होली के आसपास मार्च के माह में इन चुनावों की तारीखों का ऐलान हो जाएगा.