बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शशि कपूर का लंबी बीमारी के बाद सोमवार (4 दिसंबर) को निधन हो गया। शशि कपूर पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में शशि कपूर ने अंतिम सांसें लीं। उनके निधन की खबर आते सोशल मीडिया में #ShashiKapoor ट्रेंड करने लगा है। बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों के लिए सुप्रसिद्ध, अभिनेता शशि कपूर के निधन के बारे में जान कर बहुत दुख हुआ। सार्थक सिनेमा को उनका योगदान और भारतीय रंगमंच को शक्ति देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हमेशा याद की जाएगी। उनके परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर ट्वीट किया है। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। बॉलीवुड की मशूहर एक्ट्रेस बिपाशा बसु ने दिग्गज एक्टर के निधन पर शोक जताया है।