ग्वालियर /लोग आपदा में भी कालाबाजारी से बाज नहीं आ रहे। JAH में बीते 15 घंटों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इन्हें ऑक्सीजन की कमी से मौत माना जा रहा है। वहीं, डबरा में एक सिलेंडर सप्लायर ब्लैक में ऑक्सीजन से भरे सिलेंडर बेच रहा था। जब इसकी सूचना पुलिस अफसरों को मिली, तो वह मौके पर पहुंचे। गोदाम में रखे 40 ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त कर लिए। बरामद सिलेंडरों में से 22 सिलेंडर ऑक्सीजन से भरे थे। बाकी भी आधे भरे थे। पुलिस ने सिलेंडर जब्ती में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
SP ग्वालियर अमित सांघी ने बताया, सूचना मिली थी कि डबरा के बल्ला का डेरा में एक सप्लायर ब्लैक में ऑक्सीजन सिलेंडर बेच रहा है। इस पर ASP जयराज कुबेर व थाना प्रभारी डबरा विनायक शुक्ला मौके पहुंचे। मौके से एक युवक को पकड़ा और वहां से 40 सिलेंडर बरामद किए। युवक ने अपना नाम चेतन गुप्ता बताया है। पुलिस ने सिलेंडरों को निजी अस्पतालों में पहुंचा दिया है।