नई पीढ़ी के लिए सदैव आदर्श बने रहेंगे कर्मठता व परहित जैसे गुणों के धनी श्री पातीरामजी : शेजवलकर
ग्वालियर, 21 जून। सुप्रतिष्ठित समाजसेवी एवं वरिष्ठ राजनेता स्व. श्री पातीराम जैन की 21वीं पुण्यतिथि पर प्रति वर्षानुसार इस बार भी आज श्रमवीर सम्मान समारोह एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सांसद विवेक नारायण शेजवलकर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में सभी विशिष्टजनों ने स्व. श्री पातीराम जैन के मजदूर वर्ग एवं समाज के कमजोर वर्ग की सेवा व कल्याण के प्रति समर्पण भाव का स्मरण करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को उन जैसे परमार्थी व्यक्तित्व के आदर्शों व सिद्धांतों पर चलकर खुद को पीड़ित मानवता की सेवा एवं अपने नगर व समाज के चतुर्दिक कल्याण के लिए समर्पित करना चाहिए।
भाजपा जिला मुख्यालय मुखर्जी भवन पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथिगण ने कर्तव्यपथ पर कर्मठता व ईमानदारी से कार्य कर रहे 5 मजदूरों को इस वर्ष के श्रमवीर सम्मान से अलंकृत किया। सम्मानित होने वालों में प्लंबर गोविंद चौरसिया, मशीन ऑपरेटर प्रमोद दत्ता, संजय प्रजापति, गमलों व पानी की टँकी के कुशल शिल्पी आजाद खान व शाइमा प्रमुख थे। इन सभी को शॉल, श्रीफल, मोतियों की माला एवं सम्माननिधि भेंटकर सम्मानित किया गया।
सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने अपने उदबोधन में स्व. श्री पातीराम जैन का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि पातीराम जी उनके दिवंगत पिता के समकालीन, अनन्य मित्र व पार्टी के विभिन्न अभियानों के सहयात्री थे। श्री शेजवलकर ने बताया कि उन्हें अपने जीवन में पिता के अलावा स्व. श्री पातीराम जी से काफी कुछ सीखने का सौभाग्य मिला। स्व. श्री पातीराम जी के व्यक्तित्व की यह खासियत थी कि उन्होंने खुद को सिर्फ पार्टी की सीमाओं तक सीमित नहीं रखा बल्कि अपने कार्यक्षेत्र के सामाजिक दायरे को बढ़ाते हुए खुद को गरीबों व जरूरतमंदों की सेवा में इस हद तक समर्पित कर दिया कि अपने परिवार तक की फ़िक्र नहीं की। आज के कार्यकर्ताओं के लिए वे महान आदर्श हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि यद्यपि उन्हें चाचा पातीराम जी के साथ काम करने का सुअवसर नहीं मिला लेकिन वे अपने राजनीतिक व सार्वजनिक जीवन में ऐसे लोगों से अनुप्रेरित होते रहे हैं जिन्होंने पार्टी एवं सामाजिक मंचों पर स्व. पातीराम जी के साथ काम किया था। श्री माखीजानी ने बताया कि वे ऐसे महानुभावों से स्व. पातीराम जी के अति विशिष्टगुणों व खुद के बजाए दूसरों की प्रण भाव से चिंता करने जैसी खासियतों के बारे में सुनते रहे हैं। श्री माखीजानी ने इस बात को अपना सौभाग्य बताया कि उन्हें पार्टी में पातीराम जैन की विरासत को आगे बढ़ाने का पुनीत सुअवसर मिला है। उन्होंने ग्वालियर जिला भाजपा की ओर से दिवंगत नेता को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में स्व. श्री पातीराम जैन को श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में भाजपा के निकाय चुनाव के जिला प्रभारी बृजेन्द्र सिंह जादौन लालजी, नगर निगम के पूर्व सभापति राकेश माहौर, मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक जोशी, अशोक बांदिल, श्री अचलेश्वर न्यास के अध्यक्ष हरिदास अग्रवाल, पूर्व पार्षद राजेश्वर राव प्रमुख थे। कार्यक्रम संयोजक मंडल के अध्यक्ष निर्मल कुमार जैन ने आयोजन का संचालन किया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अशोक गेंडा, नरेंद्र मंगल, पवन गणफुले, पूर्व पार्षद महेश जायसवाल, अजय अरोरा, तीरथ मिश्रा, चेम्बर के कोषाध्यक्ष वसंत अग्रवाल, हरी सोनेजा, इंजी. आदेश गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, दिलीप सिंह, नरेन्द्र छिरौल्या, ओमप्रकाश अग्रवाल लल्ला, भाजपा के मंडल अध्यक्ष जयंत शर्मा, दीपक अग्रवाल, ग्वालियर यूथ एसो. के संजय कट्ठल, यतीन्द्र जैन, कमल जैन आदिं ने स्व. श्री पातीराम जैन जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।