दुनिया के टॉप बल्लेबाजों में से एक कहे जाने वाले भारतीय स्टार बैट्समैन विराट कोहली ने आज ही के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। श्रीलंका के खिलाफ आज से 13 साल पहले यानि 18 अगस्त 2008 को विराट पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बने थे। दांबुला में खेले गए इस वनडे मुकाबले में कोहली ने 22 गेंदों का सामना कर सिर्फ 12 रन बनाए थे। श्रीलंकन तेज गेंदबाज नुवान कुलशेखरा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया था।
विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट के शुरुआती 16 मैच में से 11 मैच श्रीलंका के खिलाफ खेले थे। कोहली ने पदार्पण करने के एक साल से भी अधिक समय बाद 24 दिसंबर, 2009 को कोलकाता में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया। विराट ने सचिन तेंदुलकर को छोड़कर, तब से दुनिया के किसी भी अन्य बल्लेबाज की तुलना में अधिक शतक बनाए हैं। 32 साल के कोहली पहले से ही दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं।
विराट कोहली का क्रिकेट कैरियर
2008 के बाद से कोहली ने 254 एकदिवसीय, 94 टेस्ट और 90 T20I मैच खेले हैं। दिल्ली में जन्मे इस बल्लेबाज ने 50 ओवर के क्रिकेट में 12,000 रन, टेस्ट में 7,609 रन और सबसे छोटे प्रारूप में 3,159 रन बनाए हैं। कोहली दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं जिनका सभी प्रारूपों में औसत 50 से अधिक है। स्टार बैट्समैन के नाम 43 वनडे शतक और 27 टेस्ट शतक हैं। अगर भारतीय कप्तान और शतक जड़ते ही वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के 70 शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे और सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे नंबर पर आ जाएंगे।
बता दें, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अपनी टीम की अगुवाई कर रहे हैं। सीरीज के पहले दो मैचों की समाप्ति के बाद भारत ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सोमवार को, विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम ने मेजबान टीम को ऐतिहासिक लॉर्ड्स स्टेडियम में हराकर श्रृंखला में बढ़त बनाई। कोहली अब हेडिंग्ले में तीसरे टेस्ट मैच में नजर आएंगे।