सांसद श्री शेजवलकर की अध्यक्षता में हुई बैठक
ग्वालियर / ग्वालियर नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष 25 दिसम्बर को देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाला “हमारे अटल प्यारे अटल” सम्मान समारोह और कवि सम्मेलन का आयोजन इस वर्ष भव्यता के साथ आयोजित होगा। क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर की उपस्थिति में गुरूवार को बाल भवन में आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
“हमारे अटल प्यारे अटल” समारोह और कवि सम्मेलन के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कमल माखीजानी, वरिष्ठ साहित्यकार श्री मदन मोहन दानिश, जनसंपर्क अधिकारी श्री मधु सोलापुरकर उपस्थित थे।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा के संबंध में चर्चा की गई। इसके साथ ही कवियों के नाम पर विचार-विमर्श करने के साथ ही चयन समिति द्वारा इस वर्ष अटल सम्मान के लिये भी शीघ्र ही निर्णय लेने की बात कही गई। इस वर्ष का आयोजन जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित करने की भी सहमति हुई।
क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर का यह प्रतिष्ठित आयोजन पूरी गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित हो। इसके लिये समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि समिति के माध्यम से कवियों का नाम तय करने के साथ-साथ इस वर्ष जिस कवि को अटल सम्मान से सम्मानित किया जाना है उसका निर्णय भी शीघ्र किया जाए। आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार की बात भी उन्होंने कही।
नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल ने कहा कि प्रतिवर्ष नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाला यह महत्वपूर्ण समारोह इस वर्ष भी पूर्ण भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये भी निगम की ओर से विशेष प्रयास किए जायेंगे। आयोजन की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जायेंगी।