केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा कि सरकार कोरोना संक्रमण बीमारी के खिलाफ अगले महीने से नई मुहिम की शुरुआत करने जा रही है। ‘हर घर दस्तक’ मुहिम के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को टीका लगाएंगे। इस दौरान दूसरे डोज से वंचित लोगों के साथ ही अब तक एक भी डोज नहीं लगवाने वालों को भी टीका दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्य तौर पर फोकस देश के उन 48 जिलों पर किया जाएगा, जहां 18 साल या इससे अधिक उम्र के 50 फीसदी से कम आबादी को कोरोना का टीका लगा है। मांडविया ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक के बाद यह घोषणा की। हाल ही में देश में 100 करोड़ कोविड टीके लगाने की सफलता हासिल की गई है। हालांकि देश के कुछ हस्सिों में टीकाकरण की गति धीमी है। इसका कारण लोगों में जागरुकता में कमी, टीके को लेकर हिचकिचाहट और भौगोलिक बाधाएं शामिल हैं।