कोरोना से जुड़ी इमरजेंसी सेवाओं को चाक चौबंद करने प्रभारी मंत्री ,सांसद से लेकर उच्च प्रशासनिक अमला दिखा भागदौड़ करता

ग्वालियर / ग्वालियर में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है सोमवार को 298 लोगों को कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। उधर तेजी से फैलते संक्रमण ने सरकार व प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है यही वजह है कि आज प्रभारी मंत्री सिलावट के साथ प्रशासन के आला अफसर स्वास्थ्य व्यवस्थाओ का जायजा लेते दिखाई दिए उन्होंने प्रबुद्धजनों की बैठक में भरोसा दिलाया कि सरकार ने दवाओं, ऑक्सीजन और बैड इत्यादि के पर्याप्त इंतजाम किए हैं साथ ही प्रभारी मंत्री ने दवाओं की कालाबाजारी करने वालों पर रासुका लगाए जाने की चेतावनी भी दी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी प्रबुद्धजन मिल-जुलकर जन-जन तक कोविड अनुकूल व्यवहार का संदेश पहुँचाएँ, जिससे कोरोना की तीसरी लहर पर जीत हासिल की जा सके। क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप, धर्मगुरूओं, शिक्षाविद्, उद्यमियों व व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक में यह आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोरोना मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन, बैड और दवाओं इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था की है। जरूरत इस संकट की घड़ी में आप सबके सहयोग की है।
सोमवार को यहाँ मोतीमहल स्थित मानसभागार में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट की अध्यक्षता में आयोजित हुई इस संयुक्त बैठक में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की रणनीति पर विस्तार से विचार मंथन किया गया। बढ़ती हुई कोरोना संक्रमण दर पर अंकुश लगाने के लिए कारगर कदम उठाए जाने की ओर सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य सदस्यों द्वारा ध्यान आकर्षित किए जाने पर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि पाबंदियों के संबंध में आप सबने जो सुझाव दिए हैं उन पर अमल के संबंध में वे भोपाल में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा कर दिशा-निर्देश जारी करायेंगे।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि शहर से लेकर ग्रामीण हाट बाजार तक मास्क लगाने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्वालियर शहर की तर्ज पर विकासखण्ड मुख्यालयों में भी सुव्यवस्थित ढंग से कोविड केयर सेंटर शुरू किए जाएं।
बैठक में सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गोयल, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राजेश हिंगणकर, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर श्री कमल माखीजानी व ग्रामीण श्री कौशल शर्मा, पूर्व विधायक श्री रामबरन सिंह गुर्जर व श्री रमेश अग्रवाल, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, संत कृपाल सिंह, शहरकाजी श्री अब्दुल अजीज कादिरी, सर्वश्री मोहन सिंह राठौर व वीरेन्द्र जैन, शहर के शिक्षाविद्, उद्यमी व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिगण तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
दवाओं की कालाबाजारी करने वालों पर लगाएँ रासुका
जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बैठक में जोर देकर कलेक्टर से कहा कि रेमेडेसिविर सहित अन्य दवाओं की कालाबाजारी करने की जुर्रत करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा ऐसे तत्वों पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) लगाएँ।
डबरा अस्पताल के चिकित्सकों को लेकर जताई नाराजगी
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने डबरा अस्पताल में पदस्थ लापरवाह चिकित्सकों को न बदलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि तीन दिवस में लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। श्री सिलावट ने कहा कि क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में हुए निर्णयों पर हर हाल में अमल हो।
मात्र दर्जन भर कोरोना रोगी अस्पताल में भर्ती
बैठक में कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में 702 कोरोना एक्टिव मरीज हैं। इनमें से मात्र एक दर्जन मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। शेष घर पर ही आइसोलेट होकर अपना इलाज करा रहे हैं। भर्ती मरीजों में कोई भी मरीज गंभीर नहीं है। उन्होंने बताया कि आठ गाँवों में भी कोरोना के मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्र के सर्वाधिक मरीज चीनौर गाँव के हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में कोरोना मरीजों के इलाज के लिये 6200 बैड की व्यवस्था कर ली गई है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर और बढ़ाया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर बच्चों के लिये एक नर्सिंग कॉलेज में विशेष कोविड अस्पताल स्थापित किया जाएगा।