Homeखेलदूसरे दिन पीयूष, इशांत और पुजारा नहीं बिके, लिविंगस्टोन और ओडिन स्मिथ...

दूसरे दिन पीयूष, इशांत और पुजारा नहीं बिके, लिविंगस्टोन और ओडिन स्मिथ पर हुई पैसों की बरसात

इंडियन प्रीमियर लीग मेगा ऑक्शन के दूसरे दिन लंच ब्रेक से पहले 22 खिलाड़ी बिके. इनमें सबसे महंगे खिलाड़ी इंग्लैंड के लियम लिविंगस्टोन रहे. लिविंगस्टोन को पंजाब किंग्स ने 11.50 करोड़ में खरीदा. इनके अलावा वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ओडिन स्मिथ (6 करोड़), भारतीय गेंदबाज खलील अहमद (5.25 करोड़), चेतन सकारिया (4.20 करोड़) पर भी पैसों की बरसात हुई. वहीं, पीयूष चावला, इशांत शर्मा और चेतेश्वर पुजारा जैसे भारतीय दिग्गजों को कोई खरीदार नहीं मिला. इन्हीं के साथ इंग्लैंड के इयोन मोर्गन,  न्यूजीलैंड के जेम्स नीशम और ऑस्ट्रेलियाई धाकड़ बल्लेबाज एरॉन फिंच जैसे खिलाड़ी भी नहीं बिके.

उल्लेखनीय है कि आज बेंगलुरु की होटल आईटीसी गार्डेनिया में IPL की 10 फ्रेंचाइजी 173 करोड़ रुपये के साथ उतरी. पहले दिन 600 खिलाड़ियों में से 97 खिलाड़ियों की बोली लग चुकी है. ऐसे में आज 503 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी.

मेगा ऑक्शन के पहले दिन 74 खिलाड़ी बिके. 10 खिलाड़ियों को 10 करोड़ से ज्यादा दाम मिले. वहीं, 23 खिलाड़ियों को कोई खरीदार नहीं मिला. नीलामी के लिए अब 503 खिलाड़ी बचे हुए हैं. इनके साथ ही IPL फ्रेंचाइजी की मांग पर पहले दिन नहीं बिकने वाले खिलाड़ियों में से भी कुछ नाम दूसरे दिन शामिल किए जा सकते हैं. नीलामी की शुरुआत में पहले से तय 64 खिलाड़ियों (161 में से 97 पर बोलियां लग चुकी हैं) पर बोली लगाई जाएगी. इसके बाद बचे हुए नामों में IPL की सभी फ्रेंचाइजी द्वारा सौंपी गई लिस्ट में शामिल नामों पर ही बोली लगाई जाएगी. यानी आखिरी के 439 खिलाड़ियों में से केवल उन्हीं पर बोली लगेगी, जिनका नाम फ्रेंचाइजी की लिस्ट में शामिल होगा. हर फ्रेंचाइजी ने आज सुबह 9 बजे 20-20 खिलाड़ियों की ऐसी लिस्ट IPL ऑक्शन कमिटी को सौंप दी है.

किस टीम के पास बचा है कितना पैसा?
हर फ्रेंचाइजी के पास अपनी पूरी टीम के लिए 90-90 करोड़ रुपये थे. इनमें से इन फ्रेंचाइजी ने अपने खिलाड़ियों को रिटेन करने में काफी पैसे पहले ही खर्च कर दिए थे. मेगा ऑक्शन से पहले IPL की पुरानी आठ फ्रेंचाइजी ने 27 खिलाड़ियों को रिटेन किया. वहीं, दो नई फ्रेंचाइजी ने 3-3 खिलाड़ियों को अपने पाले में लिया. यानी 33 खिलाड़ी पहले ही खरीदे जा चुके थे. इन 33 खिलाड़ियों पर कुल 338 करोड़ खर्च किए गए. 10 फ्रेंचाइजी के पास कुल 561 करोड़ रुपये बाकी थे. पहले दिन की नीलामी में कुल 388 करोड़ रुपये से 74 खिलाड़ी खरीदे गए. यानी अब इन फ्रेंचाइजी के पास अब 173 करोड़ रुपये बचे हैं. जबकि हर टीम को अपने साथ कम से कम 18 खिलाड़ी जोड़ने हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments