पाकिस्तान से हाल ही में एक ऐसी खबर आई है, जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर इस देश का मजाक बन रहा है। हाल ही में पाकिस्तान का आर्थिक सर्वेक्षण जारी हुआ है। इसमें देश की आर्थिक स्थिति के बारे में हर क्षेत्र के आंकड़े जारी हुए हैं। इस रिपोर्ट में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है यहां गधों की संख्या को लेकर।
इस रिपोर्ट की मानें तो 2016 के डाटा के अनुसार पाकिस्तान में 51 लाख गधे थे, जो 2017 में बढ़कर 52 लाख हो गए। अब भी पाकिस्तान में गधों की संख्या बढ़ने का सिलसिला जारी है। 2017-18 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्तमान में पाकिस्तान में 53 लाख गधे हैं। गधों की बढ़ती संख्या के कारण लोगों ने पाकिस्तान को गधों का देश कहना शुरू कर दिया है।
इस रिपोर्ट में दिए आंकड़ों के अनुसार पाकिस्तान में बीते एक वर्ष में जानवरों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सिर्फ गधे ही नहीं बकरी, भेड़ की संख्या में भी इजाफा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार बीते साल देश में जहां बकरियों की संख्या करीब 2 लाख बढ़ी है, वहीं भेड़ों की संख्या में करीब 40,000 बढ़तरी हुई है। जबकि गधों की संख्या में एक लाख का इजाफा हुआ है।
पाकिस्तान में करीब 80 लाख परिवार पशुपालन के काम में लगे हैं, जिनकी आय का 35 फीसद हिस्सा पशुपालन से आता है। पाकिस्तान सरकार के अनुसार गधे न केवल नकद कमाई का जरिया हैं बल्कि ये ग्रामीण इलाकों में गरीबी हटाने और विदेशी मुद्रा कमाने का भी अहम जरिया हैं। अब भले ही पाकिस्तान के लोगों के लिए गधे कितने भी फायदेमंद और उपयोगी क्यों न हो, लेकिन गधों को लेकर सोशल मीडिया पर इसका खूब मजाक बनाया जाने लगा है।