आज गुरुवार की सुबह भोर होने के साथ ही जब ग्वालियर के लोग सोकर जागे तो आकाश में बादल छाए हुए थे सुबह 6 बजे के आसपास बूंदा बांदी भी हुई प्रातः सैर पर निकले लोगों ने मौसम के बदले मिजाज और हल्की बूंदाबांदी का लुत्फ उठाया उधर बुधवार की शाम भी शहर में अंधड़ चलने से लोग परेशान दिखाई दिए ।
देश के अन्य इलाकों की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू कश्मीर के इलाकों में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस जलजले का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान की सरहद पर है।
इसकी तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 6.2 आंकी गई है। यह शाम चार बजकर एक मिनट पर आया। इधर, तूफान और बारिश से मथुरा में दो और असम में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के प्रमुख (संचालन) जेएल गौतम ने बताया कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा पर था। इससे अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान-पाकिस्तान का क्षेत्र ज्यादा प्रभावित हुआ है।
भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान के इसकासिम से 36 किमी उत्तर पश्चिम में 111.9 किमी गहराई में था। हिमाचल के कुल्लू और शिमला में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। जम्मू और कश्मीर के लोगों ने भी ये झटके महसूस किए हैं।
भारत के साथ-साथ अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। पाकिस्तान के इस्लामाबाद समेत कई शहरों में भी झटके महसूस किए गए हैं।
वहीं, दिल्ली के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के साथ हल्की बारिश भी हुई है। आपको बता दें कि देश के कई राज्यों में पिछले 2 दिनों से धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल रही हैं।
अचानक बदला मौसम
उत्तर प्रदेश के मथुरा में तेज तूफान के चलते दो लोगों की मौत हो गई। असम में तेज बारिश और तूफान की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 लोग जख्मी हो गए।
वहीं, पश्चिम दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बूंदा-बांदी और हरियाणा के रोहतक व झज्जर समेत अन्य इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके अलावा भिवानी समेत कई हिस्सों में बारिश के साथ ओले भी पड़े।