=
ग्वालियर। समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कलम के धनी दिवंगत पत्रकारों को यादों में बनाए रखनेे क लिए दिवंगत पत्रकारों के नाम से ग्वालियर महानगर के प्रमुख मार्गो का नाम रखा जाए। यह बात बीते बुधवार को ग्वालियर प्रेस क्लब में आयोजित बैठक में पत्रकारों ने कही।
यह जानकारी देते हुए प्रेस क्लव के सचिव राजेश शर्मा ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्वालियर महानगर के प्रमुख मार्गो का नाम दिवंगत पत्रकारों के नाम से रखने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री मायासिंह, महापौर विवेक नारायण शेजवलकर से एक प्रतिनिधि मण्डल मिलेगा। शर्मा ने बताया कि शहर के दिवंगत पत्रकार मामा माणिकचन्द बाजपेयी, शंभूनाथ सक्सेना, पं. काशीनाथ चतुर्वेदी, डीडी नागौरी, कीर्ति देव शुल्क, बाला प्रसाद दुबे, शिवदयाल अष्ठाना, झम्मनलाल शर्मा, द्वारिका प्रसाद अग्रवाल, ज्ञानप्रकाश माटोली, प्रेम सिंह सिकरवार, बाबू कुंअर सिंह पवार, माता प्रसाद डण्डौतिया, डॉ.पीएस श्रीवास्तव, कैलाश परिहार सहित अन्य दिवंगत पत्रकारों के नाम से शहर के प्रमुख मार्गो के नाम रखे जाएं। शर्मा ने बताया कि दिवंगत पत्रकारों के छाया चित्र तैयार करा लिये गये है। शीघ्र ही एक आयोजन कर चित्रों को प्रेस क्लब भवन में लगाकर अनावरण कराया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र श्रीवास्तव, राकेश अचल, सुरेन्द दण्डौतिया, सुरेन्द्र माथुर, बच्चन बिहारी, माताप्रसाद शुक्ला, प्रदीप तोमर, संजय त्रिपाठी, प्रदीप शास्त्री, जोगेन्द्र सैन, अशोक पाल, विजय पाण्डे, व्रजराज सिंह तोमर, आनंद दण्डौतिया सहित अन्य पत्रकार मौजूद थे।