Homeप्रमुख खबरेंजिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद कुशवाह की खरी खरी...

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद कुशवाह की खरी खरी कहा अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए

शहर विकास के रोडमैप में यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च स्थान पर रखें – सांसद श्री कुशवाह

सांसद श्री कुशवाह की अध्यक्षता एवं मंत्री श्री तोमर की विशेष मौजूदगी में हुई
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

प्रस्तावित फ्लाईओवर का हुआ प्रजेंटेशन एवं यातायात कार्ययोजना की हुई समीक्षा

ग्वालियर / सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आज साफ तौर पर कहा कि शहर के यातायात प्लान को मूर्तरूप देने के लिये प्रतिदिन की कार्ययोजना बनाएं। इसके लिये अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।यह बैठक ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विशेष मौजूदगी में आयोजित हुई।

सांसद ने कहा शहर विकास के रोडमैप में यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च स्थान पर रखें। वर्ष 2047 तक विकसित भारत निर्माण के लिये निर्धारित किए गए लक्ष्यों के अनुरूप ग्वालियर शहर के यातायात का प्लान तैयार किया जाए। जिसमें पर्याप्त फ्लाईओवर, सीसीटीव्ही कैमरों व ट्रैफिक सिग्नल से सुसज्जित तिराहों-चौराहों पर सुव्यवस्थित लेफ्ट टर्न एवं पार्किंग इत्यादि का समुचित प्रावधान हो।
सांसद श्री कुशवाह ने कहा कि शहर के यातायात प्लान को मूर्तरूप देने के लिये प्रतिदिन की कार्ययोजना बनाएं। इसके लिये अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। ग्वालियर शहर की यातायात कार्ययोजना पर बैठक में विस्तार से विचार-मंथन हुआ। साथ ही यातायात को बेहतर बनाने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ग्वालियर शहर में प्रस्तावित आधा दर्जन फ्लाईओवर का प्रजेंटेशन हुआ। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों से सर्वे कराकर इन फ्लाई ओवर के निर्माण की कार्ययोजना बनाई जा रही है। इनमें द्वारिकाधीश मंदिर से शहीद गेट होते हुए बारादरी चौराहे को केन्द्र में रखकर प्रस्तावित फ्लाईओवर, पुराने हाईकोर्ट से ऊँटपुल होते हुए हनुमान चौराहे तक, गोले का मंदिर चौराहा फ्लाईओवर, बहोड़ापुर से गोल पहाड़िया एवं गढ़ी गुढ़ा नाका से कम्पू तक प्रस्तावित फ्लाईओवर शामिल हैं। सांसद श्री कुशवाह ने एक बार फिर से दोहराया कि शहर के सभी व्यस्ततम चौराहों पर विशेषज्ञों से यातायात के दबाव की केस स्टडी कराएं। इसमें खर्च होने वाली धनराशि सांसद निधि से उपलब्ध करा दी जायेगी। केस स्टडी के आधार पर प्रस्तावित सभी फ्लाईओवर की डीपीआर तैयार कराएं। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बहोड़ापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर को मोतीझील से शुरू करने का प्रावधान करने के निर्देश दिए। उपनगर ग्वालियर में मिनी फ्लाईओवर की संभावनायें तलाशने के लिये भी सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक श्री मोहन सिंह राठौर व श्री सुरेश राजे व भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम व कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री देवेन्द्र सिंह भदौरिया समेत जिला सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

पोल शिफ्टिंग के काम में ढिलाई न हो

शहर के यातायात में बाधक बन रहे विद्युत पोल की शिफ्टिंग को संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें। नगर निगम एवं विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर शेष पोल शिफ्टिंग का काम जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने निर्देश दिए कि जिन 11 विद्युत पोल के शिफ्टिंग न होने की वजह स्थान की कमी बताई गई है उनका फिर से संयुक्त सर्वे कराएं। मंत्री एवं सांसद ने स्पष्ट किया कि यदि दूसरी एजेंसी से सर्वे कराए जाने पर इन पोलों की शिफ्टिंग के लिये उपयुक्त जगह पाई गई तो संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह मानकर कार्रवाई की जायेगी।

दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखकर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करें

सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि दीपावली त्यौहार के लिये विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार कर लागू करें। ट्रैफिक प्लान तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि दीपावली के दौरान फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यवसाइयों का व्यापार प्रभावित न हो। साथ ही बड़े दुकानदारों का कारोबार भी ठीक से चले और यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहे। मंत्री श्री तोमर एवं सांसद श्री कुशवाह ने ट्रैफिक प्लान लागू करने से पहले सराफा बाजार व दौलतगंज सहित शहर के अन्य बाजारों के व्यवसाइयों व छोटे व्यवसाइयों के साथ बैठक लेकर उनकी राय अवश्य ली जाए।

दीपावली से पहले सभी स्ट्रीट लाइट ठीक कराएँ

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर एवं सांसद श्री कुशवाह ने कहा कि दीपावली से पहले शहर की सभी खराब स्ट्रीट लाइटें हर हाल में दुरुस्त कराएं। साथ ही जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट भी लगाएं। बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री संघ प्रिय ने जानकारी दी कि स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के कार्य में ढिलाई सामने आने पर कार्य एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने यह काम अपने हाथ में ले लिया है। साथ ही स्ट्रीट लाइट के मटेरियल व मानव संसाधन की व्यवस्था के लिये टेंडर जारी कर दिया गया है। मंत्री श्री तोमर ने निर्देश दिए कि जब तक टेंडर फाइनल न हो तब तक के लिये स्ट्रीट लाइट संधारण हेतु वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

आईएसबीटी व अन्य बस स्टेण्डों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करें

सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि आईएसबीटी से बसों का आवागमन जल्द से जल्द शुरू कराएं। उन्होंने आईएसबीटी के अनुसार बसों के परमिटों में बदलाव की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिये संभाग आयुक्त को पत्र लिखने के लिये कहा। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में आईएसबीटी से भिण्ड व मुरैना की ओर आने-जाने वाली बसों का संचालन प्रस्तावित है। सांसद श्री कुशवाह ने वर्तमान बस स्टेण्ड एवं झांसी रोड बस स्टेण्ड का बेहतर उपयोग करने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि कौन से बस स्टेण्ड से शिवपुरी, गुना व झांसी की ओर जाने वाली कौन – कौन सी बस जायेंगीं, इसका स्पष्ट निर्धारण करें। शहर के कम्पू क्षेत्र में सड़कों पर वीडियोकोच बसें खड़ी करने एवं असुरक्षित स्कूल बसों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

यह भी निर्देश दिए

• मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि चार शहर का नाका की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिये विशेष उपाय करें।
• चंद्रबदनी नाका से विक्की फैक्ट्री मार्ग की दुरुस्ती पर मंत्री व सांसद ने विशेष बल दिया।
• शीतला माता मंदिर मेले की पुख्ता व्यवस्था के लिये प्रशासकीय अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
• मंत्री श्री तोमर ने मोतीझील रोड का काम शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया।
• सांसद श्री कुशवाह ने जिले में सड़कों पर नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार करने को कहा।
• सांसद श्री कुशवाह ने बेहट रोड के दोनों ओर सड़क विजन में बाधा बन रहे झाड़ियों की कटिंग कराने के निर्देश दिए।
• ई-रिक्शा व ई-ऑटो का प्रबंधन कर शहर के यातायात को बेहतर बनाएं।
• कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बैठक में हुए निर्णयों पर समयबद्ध कार्यक्रम के तहत अमल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments