मैहर 20 फ़रवरी 2026/मैहर में शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे विरोध प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक टीआई आग से झुलस गए। यह घटना उस समय हुई, जब प्रदर्शनकारी पुतला दहन कर रहे थे और पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही थी।
यह प्रदर्शन प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ किया जा रहा था। दरअसल, विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ विधानसभा में अपशब्द कहे थे।
पुतला दहन के दौरान टीआई विक्रम सिंह पाठक हालात संभालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान आग अचानक भड़क गई और वे झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मैहर एसपी ने कहा कि इस घटना से सभी आहत हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान ले लिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की बात कही है।