ग्वालियर, 15 मई 2026/ बाड़ा स्थित शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय में शुक्रवार को “समर कैंप-2026” का शुभारंभ हुआ। समर कैंप का आयोजन 8 जून 2026 तक किया जाएगा। इसमें बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित होंगी।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों की प्रतिभा निखारने के साथ उनके मानसिक और सामाजिक विकास में भी सहायक होते हैं। समर कैंप बच्चों को बौद्धिक, सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से विकसित करने का अच्छा माध्यम है। विद्यार्थियों को अवकाश का सदुपयोग कर नई गतिविधियाँ और कौशल सीखने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखना है। शिविर के माध्यम से बच्चों को समय प्रबंधन, तकनीक का संतुलित उपयोग और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
समर कैंप में पोस्टर प्रतियोगिता, क्ले मॉडलिंग, हुला-हूप, स्पून लेमन रेस, कहानी सुनाना, बोर्ड गेम्स, पहेलियाँ, ट्रेजर हंट, आर्ट्स एंड क्राफ्ट और विज्ञान प्रयोग जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इसके अलावा डांस, म्यूजिक, योगा, गार्डनिंग, कुकिंग और ड्रामा जैसी गतिविधियाँ भी बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस अवसर पर अभ्युथानम वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा समर कैंप के लिए 10 हजार रुपए की खेल सामग्री शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय को भेंट की गई। कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री अरविंद सिंह व जिला कोषालय अधिकारी श्री अरविंद शर्मा सहित अन्य प्रबुद्धजन मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन पुस्तकालय प्रबंधक श्री विवेक कुमार सोनी ने किया। आभार प्रदर्शन क्षेत्रीय ग्रंथपाल श्री राकेश कुमार शर्मा ने किया।
इस अवसर पर ग्रंथपाल पूजा साहू, हरीश कुमार शर्मा, अनीता ओडिया, शिवम शर्मा, कमल चामड़िया, आकाश पाल, सनत कुमार पाठक सहित समर कैंप में पंजीकृत बच्चे, उनके अभिभावक और पुस्तकालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।