दिल्ली में पिछले 17 दिनों से सरकार के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक का मंगलवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का वज़न 8.5 किलोग्राम कम हुआ है, उनका ब्लड प्रेशर 109/70 है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थन में वांगचुक ने धरना दिया हुआ है . यह संगठन भारत में शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहा है.
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में आंदोलनकारियों की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफ़ा दें. उनका कहना है कि मई की शुरुआत में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी और इसकी नैतिक ज़िम्मेदारी शिक्षा मंत्री को लेनी चाहिए.
हालांकि धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा देने से इनकार करते हुए सीजेपी और उसके समर्थकों को “विघटनकारी तत्वों की बी-टीम” बताया है और कहा है कि उन्हें देश की तरक्की पर भरोसा नहीं है.
लद्दाख के इंजीनियर, शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए और तभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं.