मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मिली हार के बाद मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला दतिया की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद दतिया उपचुनाव के परिणाम की समीक्षा के लिए गठित की गई दो सदस्यीय समिति की अनुशंसा के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

समिति गठन के छह घंटे बाद ही भाजपा संगठन ने दतिया जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, जिला कार्य समिति, मंडल मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प एवं विभागों सहित समस्त जिला संगठन वर्तमान संगठनात्मक इकाइयां तत्काल प्रभार से पदमुक्त कर दिया। समिति की जांच रिपोर्ट से पार्टी संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत कराया और इसके बाद मंगलवार देर रात कार्रवाई की गई।
दतिया उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों ने दतिया में जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। समर्थक विरोध में सड़कों पर उतर आए थे और पार्टी विरोधी बातें भी की गई। यहां तक कि जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित बूथ स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। जिसे उस समय पार्टी संगठन ने अस्वीकार कर दिया था। लेकिन अब चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा संगठन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।