Homeप्रमुख खबरेंअब महाराज बाड़ा मल्टीलेवल कार पार्किंग के जलभराव को निकालने उठाया गया...

अब महाराज बाड़ा मल्टीलेवल कार पार्किंग के जलभराव को निकालने उठाया गया यह अहम वैज्ञानिक कदम

स्मार्ट सिटी सीईओ श्री टी. प्रतीक राव के निर्देशन में वैज्ञानिक पद्धति से  महाराज बाड़ा मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कार्य, तीसरे तल से चरणबद्ध निकाला जा रहा पानी

ममटी स्लैब की कास्टिंग और स्ट्रक्चरल लोड कैलकुलेशन के आधार पर नियंत्रित डिवाटरिंग कर जल स्तर 3 मीटर से घटाकर 2.7 मीटर किया गया

निर्माण की गति बढ़ाने और शत-प्रतिशत संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया यह अहम तकनीकी कदम

ग्वालियर, 13 नवंबर 2026 — स्मार्ट सिटी मिशन के तहत महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन अंडरग्राउंड मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कार्य तकनीकी दक्षता और तेज गति के साथ आगे बढ़ रहा है। नगर निगम अपर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी सीईओ श्री टी. प्रतीक राव के सतत मार्गदर्शन में निर्माण एजेंसी एलएंडटी द्वारा ममटी स्लैब की कास्टिंग पूर्ण करने के बाद वैज्ञानिक पद्धति से नियंत्रित जल निकासी करते हुए तीसरे तल के जल स्तर को 3 मीटर से घटाकर 2.7 मीटर कर दिया गया है। निर्माण कार्य की प्रगति को और अधिक रफ्तार देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण तकनीकी कदम उठाया गया है। डिवाटरिंग की इस प्रक्रिया का तकनीकी पहलू स्पष्ट करते हुए स्मार्ट सिटी सीईओ श्री टी. प्रतीक राव ने बताया कि किसी भी गहरी भूमिगत संरचना में भू-जल स्तर के कारण नीचे से ऊपर की ओर दबाव बना रहता है। संरचनात्मक सुरक्षा के मानकों के अनुरूप इस पानी को एक साथ न निकालकर भवन के भार के संतुलन के साथ चरणबद्ध तरीके से कम किया जाता है। हाल ही में पार्किंग में स्लैब कास्टिंग का कार्य पूरा होने से स्ट्रक्चर का कुल भार बढ़ा है। इसी के मद्देनजर इंजीनियरिंग टीम द्वारा सटीक ‘स्ट्रक्चरल लोड कैलकुलेशन’ करने के बाद सुरक्षित रूप से जल स्तर को 3 मीटर से कम कर 2.7 मीटर पर लाया गया है।
सीईओ श्री राव ने बताया कि यह नियंत्रित डिवाटरिंग सीधे तौर पर निर्माण कार्य की प्रगति बढ़ाने के लिए की गई है। जल स्तर घटने से कार्यक्षेत्र का दायरा बढ़ा है, जिससे अब शेष बचे कार्य जैसे वाटर फ्रुफिंग फिनिशिंग इत्यादि कार्यों को समानांतर रूप से और अधिक तीव्र गति से अंजाम दिया जा सकेगा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया है कि जल निकासी की मात्रा और गति को तकनीकी आकलन के अनुरूप नियंत्रित रखा जा रहा है, ताकि आसपास की सड़कों, सीवर व्यवस्था और क्षेत्र की अन्य व्यवस्थाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। श्री राव ने बताया कि हर चरण की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि उच्च गुणवत्ता के साथ इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर शहरवासियों को समर्पित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments