Homeप्रमुख खबरेंकुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का हुआ आयोजन मुख्यमंत्री...

कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का हुआ आयोजन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की कुलैथ क्षेत्र के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा

दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनायेंगे – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश के किसानों को उन्नत नस्ल की एक लाख बछिया उपलब्ध कराई जायेंगीं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले का हुआ आयोजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के जरिए संबल योजना के तहत 7 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में पहुँचाए 175 करोड़ रूपए

सामाजिक पेंशन योजना के 34 लाख हितग्राहियों के खातों में अंतरित की 207 करोड़ की राशि

कुलैथ क्षेत्र के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा

कुलैथ स्थित जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रूपए मिलेंगे

कुलैथ खेत्र के तीन गाँवों के लिये सड़कों सहित अन्य विकास कार्यों की भी घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्हैया लोकगीत व बैलगाड़ी दौड़ का लिया आनंद, प्रदर्शनी भी देखी

ग्वालियर 13 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सड़क, बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं का अपना महत्व है। लेकिन किसानों की समृद्धि सबसे ऊपर है। खेती-किसानी ही हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। खेती का मतलब खाद्यान्न उत्पादन और किसानी का मतलब पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी इत्यादि है। इस बात को ध्यान में रखकर सरकार किसानों की समृद्धि के लिये खेती के साथ-साथ उन्नत पशुपालन व दुग्ध उत्पादन को विशेष बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनायेंगे। इसी उद्देश्य से किसानों को अनुदान पर उन्नत नस्ल के दुधारू पशु उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा सरकार आईबीएफ पद्धति से उन्नत नस्ल की 01 लाख बछिया तैयार कर प्रदेश के किसानों को उपलब्ध करायेगी। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों के घर में खुशहाली व समृद्धि आयेगी। सरकार साँची दूध ब्राण्ड को भी पूरा प्रोत्साहन देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित हुए विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले में बड़ी संख्या में मौजूद किसानों व पशुपालकों को संबोधित कर रहे थे।
ग्वालियर जिले में स्थित भगवान जगन्नाथ की पुण्य भूमि कुलैथ में आयोजित हुए इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना” के तहत प्रदेश के 7 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में 175 करोड़ रुपए और “मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना” के तहत 34 लाख हितग्राहियों के खातों में 207 करोड़ रुपए की पेंशन राशि अंतरित की। साथ ही कुलैथ क्षेत्र के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने उदबोधन के दौरान कुलैथ में आयोजित हुए अद्भुत पशुपालक सम्मेलन व पशु मेला की सराहना की। उन्होंने कहा मेले में उन्नत नस्ल के दुधारू पशु जिनमें देशी नस्ल के साथ-साथ हरियाणा, मुर्रा व शाहीवाल जैसे भैंस व गौवंश शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने कन्हैया लोकगीतों व बैलगाड़ी दौड़ का आनंद भी लिया। साथ ही किसानों को उन्नत पशुपालन व कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिये लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देने की कड़ी में प्रदेश के सभी जिलों में “वृंदावन ग्रामों” की स्थापना की है। इन ग्रामों में हाल ही में दुधारू पशुपालकों के लिये “गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना” के तहत प्रतियोगिता कराई गई। खुशी की बात है ग्वालियर जिले के टेकनपुर निवासी पशुपालक श्री रामवीर सिंह की गाय को प्रतिदिन औसतन 14 लिटर से अधिक दूध देने के लिये 01 लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया है। इसी तरह किसान क्विज प्रतियोगिता के विजेता रहे प्रत्येक जिले के 3 – 3 किसानों को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रेक्टर, द्वितीय पुरस्कार में बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार में स्कूटी प्रदान की गई हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कराए। इन प्रयासों के जरिए हम किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

गौ संरक्षण के लिये धन की कमी नहीं आने दी जायेगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गौमाता को निराश्रित नहीं रहने दिया जायेगा। गौ संरक्षण के लिये धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने ग्वालियर की लाल टिपारा आदर्श गौशाला का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी तर्ज पर इंदौर, जबलपुर, भोपाल व उज्जैन में 10 – 10 हजार की क्षमता वाली गौशालायें सरकार द्वारा स्थापित की गई हैं। इसके अलावा हर जिले में सरकार द्वारा गौशालायें स्थापित कराई जा रही हैं।

जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिये 51 लाख रुपए देने की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कुलैथ क्षेत्र के विकास के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा की। जिनमें कुलैथ स्थित पवित्र जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिये 51 लाख रुपए की घोषणा शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा ग्राम पंचायत मेहदपुर में महेश्वरा से आगरा भटपुरा तक लगभग एक किलोमीटर सड़क, महेश्वरा से काली माता मंदिर तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क, ग्राम पंचायत तिलघना में प्रसिद्ध लंका वाले हनुमानजी महाराज मंदिर पर जाने के लिये सड़क निर्माण व अन्य विकास कार्य एवं ग्राम पंचायत सिगौरा में साडा रोड से सिगौरा तक सड़क बनवाने की घोषणा की गई। उन्होंने इस अवसर पर कुलैथ क्षेत्र के लिये अन्य विकास कार्यों की घोषणा भी की। जिसमें गाँव में एक सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है।

सरकार ग्रामीणों को दिला रही है उनकी संपत्ति का पक्का अधिकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की है। जिसके अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति का पक्का अधिकार दिलवाने का जिम्मा हमारी सरकार ने उठाया है। प्रदेश में 50 लाख नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का संकल्प लिया है। अब गांव में रहने वाले पट्टाधारी संपत्तिस्वामी भी अपनी जरूरत के लिए बैंक से ऋण ले सकेंगे। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

स्वच्छता पुरस्कार के लिये दी बधाई, स्वच्छता के क्षेत्र में 27 में से 9 पुरस्कार मध्यप्रदेश को

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कार मिलने के लिये ग्वालियर जिले के नागरिकों को बधाई दी। साथ ही कहा कि हाल ही में हुए इस सर्वेक्षण में देश स्तर पर दिए गए 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश को 9 पुरस्कार मिले हैं। जिनमें मध्यप्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, रीवा, सागर, बुधनी, देपालपुर सहित कुल 9 शहर शामिल हैं।

आधुनिक खेती में ग्वालियर जिला अग्रणी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर जिला आधुनिक खेती व फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। जिले में 619 फूड प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हो रही हैं। ग्वालियर जिले में टिश्यू कल्चर पद्धति से आलू उत्पादन करने की दिशा में उल्लेखनीय काम हो रहा है। जिले के 25 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यहां 70 हजार पशुपालक 4 लाख से अधिक पशुधन की सेवा कर रहे हैं। दुग्ध उत्पादन में भी ग्वालियर क्षेत्र अग्रणी है। लगभग 605 मीट्रिक टन दूध उत्पादन यहाँ हो रहा है। ग्वालियर क्षेत्र अब सिर्फ गजक ही नहीं, आलू और मिलेट्स उत्पादन में भी अपनी पहचान विशिष्ट बना रहा है।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खेती के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा देने के लिये लगातार प्रयासरत हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसान हितैषी योजनायें लागू की हैं। साथ ही उद्यानिकी को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है।
सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ग्वालियर के प्रति विशेष स्नेह है। इसका फायदा ग्वालियर क्षेत्र को मिल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में बखूबी ढंग से मूर्तरूप दे रहे हैं। श्री कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से ग्वालियर में वेस्टर्न बाइपास का निर्माण तेजी के साथ हो रहा है। साथ ही अन्य बड़े-बड़े विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं।
स्वागत उदबोधन भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री शिवराज यादव ने दिया। उन्होंने किसान व युवाओं के कल्याण एवं ग्रामीण क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान देने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में इन जनप्रतिनिधिगणों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया, सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, विधायक श्री मोहन सिंह राठौर, राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव, पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री केशव सिंह बघेल, महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मधुसूदन सिंह भदौरिया, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अशोक जादौन, प्रदेश भाजपा मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर श्री जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री श्री इमरती देवी, युवा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, भाजपा ग्रामीण युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्री शिवराज यादव, भाजपा ग्रामीण जिला महामंत्री श्री कुलदीप यादव व भाजपा ग्रामीण जिला महामंत्री श्रीमती अनीता खेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे।

उन्नत पशुपालन की लगी प्रदर्शनी, देशी नस्लों के दुधारू पशु देखकर आकर्षिक हुए किसान

कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में लगाई गई प्रदर्शनी किसानों के आकर्षण का केंद्र बनी। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न गांवों से आए पशुपालकों ने अपनी दुधारू गायों, बैलों और बकरियों की नस्लों के साथ पशुपालन के अनुभव साझा किए। किसी के पास 30 गायें हैं तो कोई 100 बकरियों का पालन कर रहा है। वहीं, मक्का से तैयार साइलेज के माध्यम से पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की जानकारी भी दी गई।
प्रदर्शनी में ग्राम निरावली के पशुपालक प्रद्युम्न सिंह यादव ने बताया कि उनके पास मारवाड़ी और गुजराती नस्ल की 30 गायें हैं, जो एक बार में 10 से 15 लीटर तक दूध देती हैं। इसके अलावा उनके पास 20 बैल भी हैं। डबरा क्षेत्र के किसान श्री नरेंद्र साहू मक्का से तैयार साइलेज लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गर्मियों में हरा चारा उपलब्ध नहीं होने पर साइलेज पशुओं के लिए उपयोगी आहार साबित होता है। इससे पशुओं को पौष्टिक चारा मिलता है और यह गेहूं की भूसी की तुलना में सस्ता भी पड़ता है। ग्राम कुलैथ के रणवीर यादव ने बताया कि उनके पास 100 बकरियां हैं। कुलैथ के ही पशुपालक दिलीप यादव ने अपने पास 10 मुर्रा नस्ल के पशु होने की जानकारी दी।
प्रदर्शनी में साहीवाल नस्ल की गाय भी आकर्षण का केंद्र रही। पशुपालक गिर्राज यादव ने बताया कि उनके पास साहीवाल नस्ल की गाय है, जो औसतन 10 से 15 लीटर तक दूध देती है। टेकनपुर के पशुपालक रामवीर सिंह ने हरियाणवी नस्ल की गाय की विशेषताएं बताते हुए कहा कि यह गाय कम आहार में भी एक बार में लगभग 16 लीटर दूध देती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments