अटलजी के गृहनगर ग्वालियर में आज सुबह से ही लोग अपने लाडले सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करने व्याकुल दिखाई दे रहे है। अस्थिकलश दोपहर बाद 1 बजे विमान से उनके भांजे अनूप मिश्रा ग्वालियर लेकर पहुंचेंगे। उधर ग्वालियर में सुबह से ही हो रही बरसात ने श्रद्धांजलि स्थल फूलबाग सहित अन्य स्थानों पर पुलिस प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश आज बुधवार को दोपहर एक बजे ग्वालियर राजमाता विमान तल पर आएगा, शहर में भ्रमण करने के बाद यह फूलबाग मैदान पर पहुंचेगा, जहां श्रद्धांजलि सभा होगी। तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में स्थित दो मैरिज गार्डन में भाजपा की शहर और ग्रामीण इकाई की बैठकें केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की उपस्थिति में हुईं, जिनमें भाजपा पदाधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी दी।
मंच पर होगा अस्थिकलश,नीचे बैठेंगे वीआइपी
दोपहर एक बजे ग्वालियर आएगा कलश, रास्ते में 50 स्थानों पर दी जाएगी पुष्पांजलि, साढ़े चार बजे फूलबाग में मुख्य आयोजन में शामिल होंगे सीएम
24 को अस्थित कलश चंबल में प्रवाहित
जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने बताया कि सभा में सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश के मंत्री जयभान सिंह पवैया, मायासिंह, नारायण सिंह आदि मौजूद रहेंगे। 23 अगस्त को अस्थि कलश मुखर्जी भवन में आम जन के दर्शनार्थ रखा जाएगा और 24 अगस्त को चंबल में प्रवाहित किया जाएगा।
यह भी आएंगे
अस्थि कलश लेकर पूर्व पीएम की पुत्री नमिता भट्टाचार्य और दामाद रज्जन भट्टाचार्य, भांजे और सांसद अनूप मिश्रा और नातिन निहारिक विशेष में अस्थिकलश के साथ ग्वालियर आएंगे।
मंत्री ने लगाए चक्कर
सभा की तैयारियां और अस्थिकलश के रूट की व्यवस्थाओं को परखने के लिए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज सभास्थलर चक्कर लगाया। तीन बार अधिकारियों के साथ मंत्रणा की और दो बार मंच पर आकर पूरी व्यवस्था को परखा।