प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात” की तर्ज पर सूबे के लोगों से सीधे जुड़ने के लिए शुरू किया गया मुख्यमंत्री के ‘दिल से” कार्यक्रम का सिलसिला एक साल में ही टूट गया है। हर महीने एक रविवार को प्रसारित होने वाला यह रेडियो कार्यक्रम जुलाई और अगस्त में प्रसारित ही नहीं हुआ।
अगस्त का आखिरी रविवार बीत चुका है और अब सितंबर में भी प्रसारण नहीं होने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक ‘दिल से” कार्यक्रम को सुनने वालों की संख्या सरकार की उम्मीद के मुताबिक नहीं थी और इसमें लगातार गिरावट आ रही थी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अगस्त 2017 से ‘दिल से” कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके बाद हर महीने वे रविवार को एक घंटे किसी मुद्दे पर प्रदेश के नागरिकों के साथ संवाद करते थे। इस कार्यक्रम के तहत वे महिला, किसान, युवाओं, स्व-सहायता समूह सहित कई वर्गों से बातचीत कर चुके हैं, लेकिन जनआशीर्वाद यात्रा में व्यस्तता बढ़ने के कारण मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सिलसिला जुलाई से टूट गया।