वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 68वां जन्मदिन सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 300 बच्चों के साथ मनाएंगे। इनमें 200 बच्चे प्राथमिक विद्यालयों एवं झुग्गियों के होंगे। अपनी इस दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के एम्पीथियेटर ग्राउंड में एक रैली को संबोधित करेंगे और अपने संसदीय क्षेत्र के लिए 650 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की घोषणा करेंगे। पीएम मोदी को राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज (सोमवार) दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान नारूर गांव जाएंगे जहां वह गैर लाभकारी संगठन ‘रूम टू रीड’ से सहायता प्राप्त प्राथमिक स्कूल के बच्चों से बातचीत करेंगे। बाद में वह डीजल लोकोमोटिव वर्क्स (डीएलडब्ल्यू) के परिसर में काशी विद्यापीठ के छात्रों और उनसे सहायता प्राप्त बच्चों से भी बातचीत करेंगे।