अमृतसर: दशहरा के मौके पर पंजाब के अमृतसर पर एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें लगभग 60 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। यह हादसा अमृतसर में जोड़ा फाटक के नजदीक हुआ जहां रेलवे ट्रैक के किनारे रावण दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान वहां हजारों लोग वहा एकत्र हुए थे तभी पटाखों की आवाज आई तो लोग भागने लगे और उन्हें ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी। इस दौरान आ रही ट्रेन की चपेट में सैकड़ों लोग आ गए।
दिल्ली से रेलवे के शीर्ष अधिकारी अमृतसर रवाना हो गए हैं जिसमें रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, प्रिसिंपल चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, चीफ सेफ्टी ऑफिसर और चीफ कॉमर्शियल मैनेजर शामिल हैं। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है।
फिलहाल जो खबर मिल रही है उसके मुताबिक मृतकों की संख्या में बढोत्तरी हो सकती है। घायलों में अधिकतर लोग यूपी और बिहार के बताए जा रहे हैं। यह ट्रेन पठानकोट से अमृतसर आ रही थी। यह हादसा उस समय हुआ जब लोग रेलवे ट्रैक पर रावण का पुतला दहन कर रहे थे। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। फिलहाल जो तस्वीरें आ रही हैं वो विचलित कर देने वाली हैं।