प्रदेश मुख्यालय में पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनाव मीडिया सेंटर प्रदेश कार्यालय से एक होटल में शिफ्ट कर दिया है। चुनावी मौसम में प्रदेश कार्यालय से मीडिया सेंटर अन्यत्र कहीं स्थानांतरित किये जाने को लेकर तरह तरह की चर्चाएं जारी हैं,एक चर्चा यह भी है कि प्रदेश कार्यालय में कैमरों का मजमा लगने से रोका जा सके ताकि भीतर की बात बाहर न जा सके इस कारण ऐसा किया गया।
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की ओर से बताया गया है कि चुनाव मीडिया सेंटर का उद्घाटन 27 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्री विनय सहस्त्रबुद्धे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा, राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री संबित पात्रा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह मीडिया सेंटर बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय के सामने स्थित होटल ला-पर्ल में संचालित किया जाएगा। मीडिया सेंटर में भाजपा के मीडिया विभाग एवं सोशल मीडिया विभाग काम करेंगे। इसके अलावा पत्रकार वार्ता आदि का आयोजन भी यहीं पर किया जाएगा। यह मीडिया सेंटर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बनाया गया है।