HomeBreakingग्वालियर में दो बड़े भाजपा नेताओं की नाराजी का फायदा उठाने कांग्रेस...

ग्वालियर में दो बड़े भाजपा नेताओं की नाराजी का फायदा उठाने कांग्रेस ने दक्षिण सीट से रोका प्रत्याशी का नाम

ग्वालियर की छह में से पांच विधानसभा सीटों से प्रत्याशी घोषित कर चुकी कांग्रेस ने लश्कर दक्षिण से अपना कैंडीडेट अभी तक घोषित नहीं किया है इसको लेकर तरह तरह की चर्चाओं का बाजार सरगर्म है। एक चर्चा यह भी है कि भाजपा की एक वरिष्ठ महिला नेत्री के कांग्रेस का दामन थामने की सम्भावनाओं के मद्देनजर पार्टी ने दक्षिण से प्रत्याशी के नाम को फिलहाल रोक रखा है।

 

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों द्वारा अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने के बाद अब उन नेताओं में भारी आक्रोश दिखाई दे रहा है जो किसी भी कीमत पर चुनाव मैदान में उतरना चाहते थे। इनमें से कुछ नाम ऐसे भी हैं जो अब अपनी खुद की पार्टी से टिकट न मिलने के बाद बगावती तेवर दिखाकर किसी अन्य दल से मैदान में उतरने का रास्ता खोज रहे हैं। भाजपा की बात करें तो कम से कम दो ऐसे नेता हैं जिनके बगावती तेवर दिखाने की जोरदार चर्चा है। इसमें एक महिला और एक पुरुष शामिल है। पुरुष नेता के बारे में कहा जा रहा है की पार्टी ने पहली लिस्ट  से उनके मनमाफिक स्थान से टिकट नहीं दिया है अब जहां से उन्हें उतारे जाने की सम्भावना है वहां से सम्भावित खतरे को भांपते हुए वे लड़ना नहीं चाहते ऐसी स्थिति में भविष्य की राजनीति के लिए उनके द्वारा कुछ हैरतअंगेज घोषणा करने की चर्चा बनी हुई है।

उधर भाजपा की एक वरिष्ठ महिला नेत्री को भी टिकट न दिए जाने से उनके पूरे परिवार के नाराज होने की बात सामने आ रही,सम्बंधित महिला नेत्री के ससुर भी बहुत पुराने पार्टी नेता हैं वे भी बहू को टिकट न दिए जाने से खफा हैं । सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस लगातार इस महिला नेत्री को अपने पाले में लाने की कोशिश में लगी है यही वजह है कि पार्टी ने दक्षिण से अपना प्रत्याशी रोक रखा है। कांग्रेस से जो खबर मिली है उसके मुताबिक पहले पार्टी ने यहाँ से पूर्वमंत्री भगवान सिंह यादव के नाम को हरी झंडी देदी थी लेकिन अब भाजपा की उठापटक को देखते हुए उनके नाम को रोक दिया गया है। अब लाख टके की बात यह है कि कांग्रेस द्वारा यदि दूसरे दल  के किसी नेता के कारण अपने वरिष्ठ नेता की अनदेखी की जाती है तो निष्ठावान कांग्रेसी कार्यकर्ता क्या इसे शांति से बर्दाश्त कर पाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments