मुलायम सिंह यादव की दूसरी बहू अपर्णा यादव ने आख़िरकार भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया. अपर्णा समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू हैं, उनका बीजेपी में जाना समाजवादी पार्टी के लिए किसी झटके से कम नहीं है. बीजेपी ज्वाइन करने के बाद अपर्णा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी की तारीफ की. अपर्णा ने यह भी कहा कि राष्ट्रधर्म उनके लिए सबसे ऊपर है.
पिछले ही सप्ताह लखनऊ में आईपीएस अधिकारी असीम अरुण के साथ उनकी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की ख़बरें आने लगी थीं, लेकिन तब अपर्णा यादव के नज़दीकी लोगों ने इससे इनकार कर दिया था. लेकिन उनकी बातचीत भारतीय जनता पार्टी से चल रही है, इसमें किसी को शक़ शुबहा नहीं था, क्योंकि अपर्णा यादव जिस लखनऊ कैंट सीट से टिकट की दावेदार हैं वहां की उम्मीदवार रही रीता बहुगुणा जोशी की नाराज़गी की ख़बरें लगातार मीडिया में आ रही थीं.
हालांकि अपर्णा यादव की भारतीय जनता पार्टी और योगी आदित्यनाथ की नज़दीकी की चर्चा पहले भी होती रही है.31 मार्च, 2017 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपर्णा के सरोजनीनगर स्थित गौशाला पहुंचे थे.
भाजपा में आने के बाद क्या कहा अपर्णा ने
मीडिया से बातचीत में जब अपर्णा यादव से सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए, इसलिए बीजेपी में जाने का फैसला किया? इसपर अपर्णा यादव ने कहा कि ऐसी बात नहीं है. मैं बस यह कहना चाहती हूं कि मैंने हमेशा राष्ट्र को हमेशा धर्म माना है. हमेशा राष्ट्र के लिए ही फैसला लिया है. यह मेरी नई पारी है. मैं पीएम मोदी, सीएम योगी से बहुत प्रभावित हूं. उनकी नीतियां मुझे नैतिक रूप से भाती हैं, इसलिए मैंने बीजेपी ज्वाइन की.
अपर्णा से आगे पूछा गया कि क्या अखिलेश यादव, सपा राष्ट्रधर्म को नहीं निभाती? इसपर अपर्णा ने कहा कि वह परिवार से विमुख होकर कोई बात नहीं कहना चाहतीं. वह बोली कि यह मेरा निजी विचार है कि पिछले पांच सालों में जिस तरह से प्रदेश में सीएम योगी ने काम किया है, जितनी स्कीम आई हैं वह प्रभावशाली है.
जब अपर्णा से आगे पूछा गया कि बीजेपी इसबार यूपी में कितनी सीट जीत सकती है और क्या वह भी लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ेंगी? इसपर अपर्णा ने कहा कि वह किसी शर्त पर बीजेपी में नहीं आई हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी यूपी में सरकार बनाएगी.
बीजेपी में आने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर्णा यादव बोलीं, ‘सब जानते हैं कि मैं हमेशा से पीएम मोदी से प्रभावित रहीं हूं और मेरे चिंतन में राष्ट्र सबसे पहले है. राष्ट्र का धर्म मेरे लिए सबसे ज्यादा जरूरी है. मैं अब राष्ट्र की आराधना करने निकली हूं, जिसमें मुझे सबका सहयोग चाहिए.’
अपर्णा ने आगे कि वह पीएम मोदी की कार्यशैली से प्रभावित रहती हैं. उन्होंने यहां स्वच्छ भारत अभियान, महिलाओं, रोजगार के लिए चलाई गई स्कीम्स का जिक्र किया.
क्या बोले स्वतंत्र देव सिंह
अपर्णा के बीजेपी में आने पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पश्चिम यूपी में चुनाव होने वाला है और SP के शासन में गुंडागर्दी को इतना महत्व दिया जाता है कि पश्चिम यूपी में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी. अपर्णा को शुरू से लगता था कि योगी के शासन में एक अच्छा सुशासन है.
अखिलेश यादव ने क्या कहा
अपर्णा यादव के बीजेपी में शामिल होने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आ गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा का विस्तार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपर्णा को काफी समझाने की कोशिश की थी।
अखिलेश यादव ने कहा, ”सबसे पहले मैं बधाई दूंगा और शुभकमानाएं और साथ ही साथ ही हमें खुशी इस बात की है कि समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि हमारी विचारधारा वहां संविधान बचाएगी।” क्या अपर्णा को मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद प्राप्त है? इसके जवाब में अखिलेश ने कहा, ”नेताजी ने बहुत कोशिश की समझाने की।”
