Homeप्रमुख खबरेंअटलजी का अस्थि कलश आज पहुंचेगा ग्वालियर फूलबाग पर होगी श्रद्धांजलि सभा

अटलजी का अस्थि कलश आज पहुंचेगा ग्वालियर फूलबाग पर होगी श्रद्धांजलि सभा

23 अगस्त को अस्थि कलश मुखर्जी भवन भाजपा कार्यालय में रखा जाएगा जहां आमजन और पार्टी कार्यकर्ता दर्शन करेंगे और 24 अगस्त को अस्थि कलश मुरैना होते हुए चंबल में विसर्जित कर दिया जाएगा
ग्वालियर।  भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश बुधवार 22 अगस्त को दोपहर 1बजे ग्वालियर आएगा। इसके बाद महाराजपुरा विमानतल से विभिन्न मार्गों से होता हुआ यह अस्थि कलश फूलबाग पर पहुंचेगा, जहां सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा होगी। निर्धारित मार्गों से गुजरने वाले इस कलश पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहरवासी अपने अटलजी को याद कर सकेंगे। फूलबाग पर होने वाली श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, राष्टीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, मंत्रीगण जयभान सिंह पवैया, श्रीमती मायासिंह, नारायण सिंह कुशवाह प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। 
इससे पूर्व मंगलवार को मेला परिसर स्थित मृगनयनी वाटिका में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर  ने पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक ली। जिसमें उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों, मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इस इस दौरान अटलजी को याद करते हुए कहा कि आज अटलजी भले ही हमारे बीच मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, उनकी उदारता, जीवन पद्धति, उनकी विद्धवता, उनका व्यक्तित्व हमारे लिए प्रेरणा के रूप में मौजूद है। अटलजी के बताए मार्ग पर चलकर हम अपने जीवन को सफल बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि अटलजी ने हर पस्थिति में अपने आपको इस प्रकार गढ़ा कि आज दुनिया भी उनका लोहा मानती है। अस्थि कलश यात्रा के संबंध में उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं तो इस आयोजन में तो शामिल हों हीं साथ ही अपने आस-पास के लोगों को भी इसमें शामिल करने के लिए पूरे मन से प्रयास करें। अस्थि कलश यात्रा में शहरवासियों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल करना हम सबकी जिम्मेदारी है। 
बैठक में संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ, महापौर विवेक शेजवलकर और जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किये। इससे पूर्व बैठक में जिला महामंत्री कमल माखीजानी ने अस्थि कलश यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्थि कलश यात्रा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए विमानतल से लेकर फूलबाग मैदान तक 50 स्थान तय किए गए हैं। इन पर विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक, औद्योगिक, व्यापारिक संगठन, शैक्षणिक संस्थान, राजनीतिक, धार्मिक संगठन के लोग पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। जो स्थान तय किए गए हैं, उनमें महाराजपुरा से पिंटो पार्क, गोला का मंदिर, रेसकोर्स रोड, स्टेशन बजरिया, मानसिंह चौराहा, तानसेन होटल, सिटी सेंटर, राजमाता चौराहा, एजी ऑफिस रोड, विवेकानंद चौराहा, चेतकपुरी गेट, जीवाजी क्लब, महादजी चौराहा, अचलेश्वर मंदिर, जयेंद्रगंज, होते हुए दालबाजार, नयाबाजार, हुजरातपुस, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवानाओली, गस्त का ताजिया। यहां से फालका बाजार, छप्परवाला पुल, शिंदे की छावनी, गुरुद्वारा, एमएलबी रोड होते हुए फूलबाग श्रद्धांजलि स्थल पर यात्रा पहुंचेगी। बैठक का संचालन जिला महामंत्री महेश उमरैया ने किया। 23 अगस्त को अस्थि कलश मुखर्जी भवन भाजपा कार्यालय में रखा जाएगा जहां आमजन और पार्टी कार्यकर्ता दर्शन करेंगे और 24 अगस्त को अस्थि कलश मुरैना होते हुए चंबल में विसर्जित कर दिया जाएगा
 
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments