चंबल प्रोजेक्ट के साथ-साथ जल संसाधन विभाग की नहर प्रणाली से भी शहर को मिलेगा पानी प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने की ग्वालियर शहर की दीर्घकालिक पेयजल योजना की समीक्षा जल्द से जल्द प्रोजेक्ट पूरा करने पर दिया जोर
ग्वालियर 06 अगस्त 2021/ ग्वालियर शहर की दीर्घकालीन पेयजल आपूर्ति के लिए मूर्तरूप लेने जा रहे चंबल प्रोजेक्ट में एक और सुखद पहलू जुड़ने जा रहा है। जल संसाधन विभाग की चंबल नहर प्रणाली और मुरैना जिले में स्थित कोतवाल डैम का पानी भी इस प्रोजेक्ट के जरिए मिलेगा। जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने इस सिलसिले में आज जल संसाधन विभाग, नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की मौजूदगी में आयोजित हुई बैठक में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने मुख्य अभियंता जल संसाधन को निर्देश दिए कि इस प्रोजेक्ट को हर हाल में मूर्तरूप दिया जाए। इसके लिये धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट एवं ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने जोर देकर कहा कि ग्वालियर शहर की पेयजल आपूर्ति के लिये तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द धरातल पर लाएं। उन्होंने कहा समयबद्ध कार्यक्रम के जरिए प्रोजेक्ट को पूरा किया जाए।
बैठक में बताया गया कि चंबल प्रोजेक्ट के तहत ग्वालियर व मुरैना की पेयजल आपूर्ति के लिये मुरैना के छौंदा पुल तक संयुक्त पाइप लाइन डाली जायेगी। यहां पर संपवेल बनाकर पाइप लाइन से मोतीझील तक पानी लाया जाएगा। इसी संपवेल के समीप से चंबल नहर और कोतवाल डैम का पानी भी इसी पाइप लाइन से मोतीझील तक पहुँचाया जाएगा। चंबल प्रोजेक्ट से ग्वालियर को 90 एमएलडी और चंबल नहर – कोतवाल डैम से लगभग 75 एमएलडी पानी मिलेगा।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में कहा कि इस काम में जिला प्रशासन से हर संभव सहयोग मिलेगा। साथ ही मुरैना जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द जमीनी हकीकत बनाने के प्रयास किए जायेंगे।
बैठक में कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह सहित जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर श्री कमल माखीजानी व ग्रामीण श्री कौशल शर्मा, पूर्व विधायक श्री रामबरन सिंह गुर्जर व श्री मदन कुशवाह, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति के उपाध्यक्ष श्री शांतिशरण गौतम व श्री मोहन सिंह राठौर तथा नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री किशोर कान्याल एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।