ग्वालियर /देश में एकबार पुनः कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। अकेले महाराष्ट्र ने पूरे देश के नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां मालवा के बाद अब चम्बल में भी कोरोना मरीज लगातार बढ़ रहे है। आज ग्वालियर में तो यह संख्या 25 तक जा पहुंची है। एक समय यहां कोरोना संक्रमण पूर्णतः नियंत्रित होकर शून्य हो गया था। जो अब बढ़ते बढ़ते 25 तक पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में कोरोना से हालात लगातार बिगड़ रहे है। पिछले 24 घंटों में यहां 13,659 नए केस सामने आए हैं। यह संख्या कोरोना से प्रभावित टॉप-10 देशों में शामिल रूस, ब्रिटेन, स्पेन और जर्मनी में मिले नए मामलों से ज्यादा हैं। महाराष्ट्र की स्थिति पर केंद्र सरकार ने भी चिंता जताई है। हेल्थ मिनिस्ट्री ने इसकी वजह टेस्टिंग में कमी और लापरवाही को बताया है। वहीं, राज्य सरकार ने कई बड़े शहरों में सख्त पाबंदियां लगा दी हैं।
www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक, जर्मनी में 10 मार्च को 12,246, रूस में 9,079, ब्रिटेन में 5,926 और स्पेन में 6,672 मरीज मिले। इस लिहाज से ये सभी देश महाराष्ट्र से पीछे हैं।
3 बड़े शहरों में सख्ती…
1. नागपुर में 1 हफ्ते का लॉकडाउन
नागपुर जिले में पिछले 24 घंटों में 1860 नए संक्रमित मिले हैं। इस मामले में नागपुर पुणे के बाद दूसरे नंबर पर रहा। इस दौरान यहां 8 लोगों की मौत भी हुई है। इसे देखते हुए सरकार ने
नागपुर में 15 से 21 मार्च तक 1 सप्ताह का हार्ड लॉकडाउन लगा दिया है। हार्ड लॉकडाउन में बहुत जरूरी गतिविधियों की ही इजाजत होती है। नागपुर में अब तक 1.64 लाख मरीज मिल चुके हैं।
2. आज रात से जलगांव में जनता कर्फ्यू
जलगांव नगर निगम सीमा में गुरुवार रात 8 बजे से 15 मार्च की सुबह 8 बजे तक जनता कर्फ्यू लागू किया गया है। इस दौरान इमरजेंसी सर्विस, PSC और दूसरी परीक्षाओं वाले डिपार्टमेंट को छूट दी जाएगी। इससे पहले अमरावती में 15 दिनों का लॉकडाउन और पुणे में नाइट कर्फ्यू लग चुका है।
3. औरंगाबाद में वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान
महाराष्ट्र सरकार ने संभाजीनगर (औरंगाबाद) में वीकेंड पर लॉकडाउन लागू करने का ऐलान किया है। यहां गुरुवार से कोरोना नियमों को कड़ा कर दिया गया है। सड़क पर पुलिस तैनात की गई है। बिना मास्क पहने घूमने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। पिछले दिनों राज्य के मंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया था कि 11 मार्च से 4 अप्रैल तक संभाजीनगर में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। वीकेंड पर पूरी तरह से लॉकडाउन होगा। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, मैरिज हॉल बंद रहेंगे।