मध्यप्रदेश सहित 4 राज्यों में चुनाव से पहले डीजल की कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि ने इन राज्यों के पार्टी नेतृत्व का सिरदर्द बढ़ा दिया है।उधर डीजल के दाम बढ़ने से महंगाई जोरदार उछाल मार रही है। सर्वाधिक परेशानी सब्जियों के आसमान छूते भावों ने बढ़ाई है। यदि डीजल के बढ़ते दामों पर सरकार ने कोई राहत भर निर्णय नहीं लिया तो चार राज्यों के चुनावों पर जनता का गुस्सा फूट सकता है।
4 राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले डीजल के दामों में जबर्दस्त बढ़ोत्तरी की जा रही है। राजधानी दिल्ली सहित देश के कई शहरों में डीजल के दाम रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। इसके साथ ही पेट्रोल के दाम भी अपने उच्चतम स्तर के करीब पहुंच चुके हैं। तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉपोर्रेशन के अनुसार दिल्ली के साथ ही चेन्नई और कोलकाता में भी डीजल की कीमत में रिकॉर्ड बढोत्तरी हुई है।
मुंबई में भी 15 पैसे की बढ़ोत्तरी से 73.59 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। यह 1 जून के बाद का उच्चतम स्तर है। वहीं पेट्रोल के दाम दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में 11-11 पैसे बढ़कर क्रमश: 77.78 रुपये, 85.20 रुपये और 80.80 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है।