उद्भव अंतरराष्ट्रीय ग्वालियर साहित्य उत्सव में देश-विदेश के साहित्यकारों का होगा संगम
ग्वालियर / उद्भव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के प्रथम अंतरराष्ट्रीय ग्वालियर साहित्य उत्सव में इंग्लैंड के साहित्य की खुशबू बिखरेगी। साथ ही नेपाल की संस्कृति और सभ्यता के भी दर्शन होंगे।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट (आईआईटीटीएम) के सभागार में 27 सितंबर से आयोजित होने वाले चार दिवसीय साहित्य उत्सव में इंग्लैंड की डॉ. परीन सोमानी का खास व्याख्यान होगा। इस दौरान वे इंग्लैड के लिटरेचर सहित भारतीय संस्कृति और सभ्यता को आधार बनाकर अपने साहित्य की प्रस्तुति देंगी।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय ने बताया कि सात विभिन्न विषयों पर डॉक्टरेट की उपाधि हासिल करने वाली डॉ. सोमानी विदूषी महिला हैं। उनका उत्सव में शिरकत करना शहर और प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
प्रेरक वक्ता, मानवतावादी, परोपकारी और बहु-अंतरराष्ट्रीय विषयों की लेखिका हैं। उनके करीब दो सैकड़ा से अधिक लेख व वीडियो के साथ ही 19 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। साहित्य में उनके योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर अनेक पुरस्कारों से उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
संस्था के सचिव दीपक तोमर ने बताया कि अखिल भारतीय साहित्य परिषद एवं सेंट्रल अकेडमी स्कूल के सहयोग से आयोजित इस साहित्य उत्सव में नेपाल के साहित्यकार पुरु लामसल भी नेपाल-भारत की संस्कृति के विविध रूपों को प्रतिबिंबित करेंगे। इनके अलावा भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े ख्याति प्राप्त निर्देशक पियूष मिश्रा और अभिराम भाकमकर साहित्य की दुनिया में होने वाले बदलाव से अवगत कराएंगे।
देश-विदेश से आने वाले साहित्यकारों के इस संगम को मूर्तरूप देने8 के लिए उत्सव की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल की साहित्यिक संस्था भी सहयोग कर रहीं हैं।