Homeप्रमुख खबरेंएकजुटता, आत्म बोध और कर्तव्य पालन से देश होगा सशक्त’ -50 स्थानों...

एकजुटता, आत्म बोध और कर्तव्य पालन से देश होगा सशक्त’ -50 स्थानों पर हुए हिंदू सम्मेलन, पंच परिवर्तन का दिया संदेश

‘एकजुटता, आत्म बोध और कर्तव्य पालन से देश होगा सशक्त’
-50 स्थानों पर हुए हिंदू सम्मेलन, पंच परिवर्तन का दिया संदेश

ग्वालियर18 जनवरी 2026/ रविवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 50 से अधिक स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि आत्म बोध, नागरिक कर्तव्य और समाज केंद्रित समाज से ही देश सशक्त होगा। एकजुटता से असंभव लगने वाला कार्य भी सहज हो जाता है। इसके लिए सामाजिक समरसता आवश्यक है। वक्ताओं ने पंच परिवर्तन- सामाजिक समरसता, स्व बोध, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन एवं नागरिक कर्तव्य को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कई स्थानों पर समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। समापन भारत माता की आरती और सहभोज के साथ हुआ।
कांच मिल बस्ती में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में समाज में नई जागृति का संचार हुआ है। संघ की 100 वर्षों की सतत साधना के बाद आज समाज राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को लेकर अधिक सजग हुआ है। मुख्य अतिथि लाल टिपारा गौशाला के संत ऋषभदेवानंद महाराज ने सनातन संस्कृति, गौमाता के संरक्षण का महत्व बताया। रेखा भदौरिया ने पंच परिवर्तन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सत्य नारायण टेकरी महाराज विशेषरूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर देशभक्ति गीत, योग सहित कई मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान हुआ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में 551 कलश यात्रा निकाली गई।
श्री कृष्ण बस्ती का हिंदू सम्मेलन सिकंदर कंपू स्थित कुशवाह मैरिज गार्डन में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता ज्ञान सिंह कौरव ने कहा कि पुरातन काल से हिंदुओं के मंदिरों पर हमले हुए, हमें तोडऩे का प्रयास बहुत बार हुआ। इसलिए हमें एकजुट रहना होगा। एकजुटता से ही राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका है। मुख्य अतिथि संत परमार्थ आश्रम के संत समर्थ तीर्थ महाराज, विशेष अतिथि साधना पुरोहित रहीं। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक संतोष राठौर भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष मांझी ने एवं आभार मदन मोहन मिश्रा ने व्यक्त किया। पटेल बस्ती के सम्मेलन मुख्य वक्ता नवल शुक्ला ने बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर हम एक रहेंगे तो बचे रहेंगे। उन्होंने भारतीय संस्कृति अपनाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर लाल टिपारा गौशाला के संत शिवेश आनंद, रितु नामधारी, कार्यक्रम संयोजक विजय कब्जू, उषा चौधरी, सुरेश चौधरी, प्रवीण अग्रवाल, महेश मुदगल आदि मंचासीन रहे।

वहीं अवाड़पुरा बस्ती में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग प्रचारक ललित कुमार ने हिंदुओं से एकजुट होने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि राम सेवक दास महाराज, विशेष अतिथि ज्योति भदौरिया रहीं। एमएच बस्ती के हिंदू सम्मेलन में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से नशा मुक्ति एवं हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। हिंदू सम्मेलन छुट्टा की बजरिया बस्ती,चीनौर के करैया मंडल सहित 50 से ज्यादा स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए।

राष्ट्र केंद्रित हो समाज : सिसौदिया

सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में बावन पायगा बस्ती का हिंदू सम्मेलन नई सडक़ स्थित चंपा बाग बगीची में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्य क्षेत्र सेवा प्रमुख ओम प्रकाश सिसौदिया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी को परमार्थी बनना होगा। राष्ट्र केंद्रित समाज से ही देश का चहुंमुखी विकास संभव है। डॉ.बिंदु सिंघल ने पंच परिवर्तन का संदेश दिया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक मोहन सिंह, प्रवीण देवासकर आदि मंचासीन रहे। इस अवसर पर वंदे मातरम् सहित अन्य मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

समरस समाज से आएगा स्वर्ग : अग्रवाल
कमल सिंह बाग बस्ती का हिंदू सम्मेलन रामबाग कॉलोनी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग सह संघचालक रवि अग्रवाल, मुख्य अतिथि मौनी आश्रम लक्ष्मण तलैया के संत राघव दास महाराज, विशेष अतिथि संगीता ताई रहीं। कार्यक्रम संयोजक पवन अग्रवाल भी मंचासीन रहे। मुख्य वक्ता श्री अग्रवाल ने कहा कि जब हम स्व के विचार से दूर हुए तब विदेशी शक्तियों ने हम पर शासन किया। उन्होंने कहा कि समरस समाज से ही स्वर्ग आएगा।

संगठित होकर करें चुनौतियों का सामना : गुर्जर

खेड़ापति बस्ती का हिंदू सम्मेलन लक्ष्मीबाई कॉलोनी सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता द्वारिका सिंह गुर्जर ने कहा कि यदि हम एक साथ रहेंगे तो देश के सामने आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना कर सकते हैं। बटेंगे तो कटेंगे ही नहीं, बल्कि घटेंगे तो भी कटेंगे। मुख्य अतिथि रामसेवक दास महाराज ने सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता विनोद चौरसिया ने की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments