Homeप्रमुख खबरेंएग्ज़िट पोल: महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव को लेकर क्या हैं अनुमान, किसकी...

एग्ज़िट पोल: महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव को लेकर क्या हैं अनुमान, किसकी बन सकती है सरकार?

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों का मतदान बुधवार को ख़त्म हो गया और इसके परिणाम शनिवार को आएंगे, लेकिन इससे पहले सभी एग्ज़िट पोल्स के आंकड़े भी सामने आ रहे हैं.

अधिकतर एग्ज़िट पोल्स में कांटे की टक्कर दिखाई गई है, लेकिन साथ ही बीजेपी का नेतृत्व वाला गठबंधन ही दोनों राज्यों में आगे है. महाराष्ट्र में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन और झारखंड में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को बढ़त का अनुमान लगाया गया है.

288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में जीत के लिए 145 सीटों की ज़रूरत है. वहीं 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 सीटों का है.

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शाम 5 बजे तक 58.22 फ़ीसदी और झारखंड चुनाव में शाम 5 बजे तक 67.59 फ़ीसदी मतदान हुआ है.

क्या कह रहे हैं महाराष्ट्र के एग्ज़िट पोल

मैटराइज़ एग्ज़िट पोल में महाराष्ट्र चुनाव में महायुति गठबंधन को बहुमत का अनुमान जताया गया है. इस पोल में महायुति को 150-170 सीटें, महा विकास अघाड़ी को 110-130 सीटें मिलने के अनुमान है.

पीपल्स पल्स के पोल में महायुति को 175-195 सीटें और महा विकास अघाड़ी को 85-112 सीटें और अन्य को 7-12 सीटें दी गई हैं.

पी-मार्क ने महायुति को 137-157 सीटें और महा विकास अघाड़ी को 126-146 सीटें जीतने का अनुमान लगाया है.

वहीं चाणक्य स्ट्रैटेजीज़ ने बीजेपी वाले महायुति गठबंधन को 152 से 160, कांग्रेस के नेतृत्व वाले महा विकास अघाड़ी गठबंधन को 130-138 और अन्य को छह से आठ सीटों पर बढ़त दिखाई है.

पॉल डायरी के अनुमान में महायुति को 122-186 सीटें, महा विकास अघाड़ी को 69-121 सीटें और अन्य को 12-29 सीटें मिलने का अनुमान है.

टाइम्स नाउ-जेवीसी ने महायुति को 150 से 167, महा विकास अघाड़ी को 107-125 और अन्य को 13 से 14 सीटों पर आगे दिखाया है.

वहीं, इसके उलट कुछ पोल में दोनों गठबंधनों के बीच कांटे की टक्कर दिखाई गई है. दैनिक भास्कर के पोल में महायुति को 125-140, महा विकास अघाड़ी को 135-150 और अन्य को 20-25 सीटें दी गई हैं.

लोकशाही मराठी-रुद्र के पोल में अनुमान लगाया गया है कि महायुति को 128-142 सीटें, महा विकास अघाड़ी को 125-140 सीटें और अन्य को 18-23 सीटें मिलेंगी.

क्या कह रहे हैं झारखंड के एग्ज़िट पोल

झारखंड को लेकर सामने आए लगभग सभी एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए की जीत का अनुमान लगाया गया है.

मैटराइज़ एग्ज़िट पोल्स में एनडीए को 42-47 सीटें, जेएमएम के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को 25-30 सीटें और अन्य को 1-4 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है.

चाणक्य स्ट्रैटेजीज़ के पोल में एनडीए को 45-50, इंडिया गठबंधन को 35-38 और अन्य को 3-5 सीटें मिलने के अनुमान हैं.

पीपल्स पल्स के एग्ज़िट पोल्स में एनडीए को 44-53 सीटें और इंडिया गठबंधन को 25-37 सीटें मिलने के अनुमान हैं.

टाइम्स नाउ-जेवीसी ने झारखंड की 40-44 सीटों पर एनडीए, 30 से 40 सीटों पर इंडिया गठबंधन को आगे दिखाया है. वहीं अन्य को एक सीट पर बढ़त दिखाई है.

एक्सिस माइ इंडिया ने बाकी एग्ज़िट पोल्स से उलट झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान लगाया है.

इसमें इंडिया गठबंधन को 53 और एनडीए को 25 सीटों पर जीतते हुए दिखाया गया है. इसके अलावा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) को 2 और अन्य को एक सीट दी गई है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments