केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक (68) की कार सोमवार को कर्नाटक के अंकोला में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में श्रीपद नाइक की पत्नी विजया नाइक और पीए की मौत हो गई है। नाइक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात करके वहां केंद्रीय मंत्री के इलाज की बेहतर व्यवस्था करवाने को कहा है।
जानकारी के मुताबिक, श्रीपद नाइक और उनकी पत्नी सोमवार सुबह उत्तर कर्नाटक के येल्लापुर गए थे। वहां उन्होंने गणपति मंदिर, कवादिकरे मंदिर, पंडवासी ग्राम दीवी मंदिर और ईश्वरा मंदिर में दर्शन किए थे। इन मंदिरों में नाइक और उनकी पत्नी ने गणवाहन अनुष्ठान करके विशेष पूजा की थी। वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।