भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी ने बेटे आकाश विजयवर्गीय को कोई नोटिस दिया है या नहीं, इसकी जानकारी उनको नहीं है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पिता की हैसियत से जिस तरह मुझे आकाश को समझाना था मैं समझा चुका हूं, अब इस पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लताड़ के बाद भाजपा अनुशासन समिति दिल्ली ने आकाश विजयवर्गीय को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। यह नोटिस इंदौर नगर निगम के कर्मचारियों से दुर्व्यवहार करने और एक अधिकारी को क्रिकेट बैट से पीटने के मामले में भेजा गया था।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आज मीडिया से साफ शब्दों में कहा कि अब आप मुझे तो छोड़ दो। भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरूआत करने और पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्मरण करने के लिए मुखर्जी की प्रतिमा पर आयोजित किए गए समारोह में भाग लेने के लिए वे पहुंचे थे। कैलाश विजयवर्गीय जब कार्यक्रम स्थल से रवाना होने लगे तो वहां पहुंचे मीडिया के सदस्यों के द्वारा उन्हें रोककर उनसे बात करने की कोशिश की गई। निश्चित तौर पर सभी का लक्ष्य उनके बेटे आकाश विजयवर्गीय के द्वारा चलाए गए बेट पर बात करने का था।
कैलाश विजयवर्गीय भी इस बात को अच्छी तरह से जानते थे। इसके साथ ही उन्हें इस बात का भी अंदाजा है कि इस नाजुक स्थिति में बात करने से बात कितनी बिगड़ जाती है। यही कारण है कि उन्होंने मीडिया से साफ शब्दों में कहा कि अब आप मुझे तो छोड़ दो। अभी मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। जब मीडिया के साथियों ने सवाल करना शुरू किया तो कैलाश विजयवर्गीय सवालों को सुनते हुए तेजी से कार की तरफ चले गए। Kailash Vijayvargiya
हो गए भोपाल रवाना
इस कार्यक्रम स्थल से ही कैलाश विजयवर्गीय सीधे भोपाल के लिए रवाना हो गए। उनके बेटे आकाश विजयवर्गीय को भाजपा अनुशासन समिति द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह से टेलीफोन पर बाते की थी। आज कैलाश विजयवर्गीय खुद भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं। ऐसा समझा जाता है कि भोपाल में वे पार्टी के प्रदेश इकाई के नेताओं से अपने बेटे के मुद्दे को लेकर बात करेंगे।